Advertisement
11 January 2019

राहुल का दुबई दौरा, लगे ‘राहुल-राहुल’ के नारे

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपने दो दिन के प्रवास पर दुबई पहुंच गए हैं। दुबई एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत हुआ और ‘राहुल-राहुल’ के नारे लगे। कांग्रेस अध्यक्ष यहां प्रवासी समुदाय और छात्रों से मिलेंगे। यह जानकारी कांग्रेस ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर साझा की। राहुल गांधी आज यानी 11 जनवरी और कल यानी 12 जनवरी को दुबई में रहेंगे।

उनकी दो दिन की यात्रा की रूपरेखा भारतीय ओवरसीज कांग्रेस (आइओसी) ने बनाई है। 2019 में गांधी का यह पहला अंतरराष्ट्रीय टूर है। वे यहां दुबई के कामगारों से मुलाकात करेंगे और उनका हाल जानेंगे। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस टीम एक प्रेसेंटेशन भी बना रही है जिसमें, यूएई में रहने वाले इंडियन डायस्पोरा जिन समस्याओं से दो-चार होता है, उसका जिक्र होगा।  

राहुल गांधी दुबई के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में इंडियन डायस्पोरा को संबोधित करेंगे। यहां पर भारतीय-अरब सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिसमें राहुल गांधी मुख्य अतिथि होंगे। इस मौके पर राहुल गांधी ‘भारत का विचार’ विषय पर संबोधन भी देंगे। आइओसी के अध्यक्ष सैम पित्रोदा का कहना है कि हम यूएई के अलग-अलग देशों में रहने वाले भारतीय और भारतीय मूल के लोगों से बातचीत करना चाहते हैं। दुबई में हम कारोबारी नेताओं, स्थानीय नेताओं के साथ संवाद करेंगे।

Advertisement

राहुल गांधी यूएई के मंत्रियों से मिलने के अलावा, शेख जाएद मस्जिद भी जाएंगे। गांधी के साथ केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओमन चांडी भी गए हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Rahul Gandhi, Dubai
OUTLOOK 11 January, 2019
Advertisement