Advertisement
23 November 2017

रोहिंग्या महिलाओं के खिलाफ यौन हिंसा को युद्धापराध माना जा सकता है: संयुक्त राष्ट्र राजदूत

फोटो साभार- Al Bawaba

संघर्ष के दौरान यौन हिंसा पर संयुक्त राष्ट्र की राजदूत का कहना है कि रोहिंग्या मुस्लिम महिलाओं एवं लड़कियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर हुए अत्याचारों की बाकायदा योजना तैयार की गई और इसे म्यामां सेना ने अंजाम दिया था और इसे मानवता के खिलाफ अपराध एवं नरसंहार की श्रेणी में लाया जा सकता है।

बांग्लादेश शिविरों में यौन हिंसा के पीड़ितों से मुलाकात करने वाली प्रमिला पैटेन ने कहा कि वह संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार प्रमुख जैद राद अल हुसैन के उस आकलन का पूरी तरह समर्थन करती हैं जिन्होंने रोहिंग्या लोगों को ‘‘जातिय सफायी’’ का शिकार बताया था।

प्रमिला ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि व्यापक स्तर पर यौन हिंसा म्यामां से 6,20,000 रोहिंग्या लोगों के भागने का सबसे प्रमुख कारण है। साथ ही इसे रोहिंग्या समुदाय को डरा धमका कर खदेड़ने के एक अस्त्र के तौर पर इस्तेमाल किया गया।

Advertisement

हालांकि म्यामां की सरकार ने किसी भी तरह के अत्याचार की बात से इनकार किया है। सरकार ने प्रमिला की उत्तरी रखाइन प्रांत के दौरे की अनुमति की अपील भी ठुकरा दी, जहां अधिकतर रोहिंग्या रहते हैं।

प्रमिला को रोहिंग्या विस्थापितों के शिविरों की यात्रा के दौरान समुदाय पर सोच समझकर किए गए अत्याचारों की भयानक, दिल दहलाने वाली और स्तब्धकारी आप बीती सुनने को मिली।

प्रमिला महिलाओं के खिलाफ सभी तरह के भेदभाव के उन्मूलन पर संयुक्त राष्ट्र समिति की पूर्व सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ यौन हिंसा में सामूहिक बलात्कार ,सावर्जनिक तौर पर निर्वस्त्र करना और यौन गुलामी आदि शामिल है। यह यौन हमले उनको सजा देने के लिए किए गए ।

उन्होंने कहा कि कई चश्मदीदों ने बेहद बर्बर तरीके से बलात्कारों की रिपोर्ट दी है। इनमें दुष्कर्म के पहले महिला या लड़की को पहाड़ी या पेड़ से बांध दिया जाता था, और उन्हें मरने के लिए वहीं छोड़ दिया जाता था। उन्होंने कहा कि कुछ लड़कियों से दुष्कर्म के बाद उनके घरों में आग लगा दी गई।

प्रमिला ने बताया कि चश्दीदों ने कहा कि 25 अगस्त से पहले, म्यांमा के सैनिक रोहिंग्या समुदायों के बच्चों को आग में या गांव के कुएं में फेंक दिया करते थे ताकि पानी दूषित हो जाए और से लोग पीने के पानी के लिए भी तरस जाए।

(पीटीआई से इनपुट)

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: united nations, pramila, rohingya, un ambassador
OUTLOOK 23 November, 2017
Advertisement