Advertisement
20 August 2021

अफगानिस्तान में तालिबान को झटका, विरोधियों ने 3 जिले मुक्त कराए, अफगान न्यूज ने किया दावा

FILE PHOTO

अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे के बाद वहां पर बगावत भी शुरू हो गई है। कुछ गुट तालिबान के कब्जे से उनके इलाके छीनने की कोशिश में जुट गए हैं। इस बीच अफगान न्यूज का दावा है कि तालिबान के कब्जे से तीन जिले मुक्त करा लिए गए हैं हालांकि इस पर तालिबान की ओर से कुछ नहीं कहा गया है।

अफगानिस्तान में अब्दुल हामिद दादगर ने तालिबान के कब्जे वाले अंद्राब बघलान के तीन जिलों को वापस मुक्त करा लिया है। ये शहर बघलान प्रांत के हैं। बाघलान प्रांत में स्थानीय विरोधी गुटों ने बानू और पोल-ए-हेसर जिलों पर फिर से कब्जा कर लिया है। वे अब तेजी से डेह सलाह जिले की ओर बढ़ रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस लड़ाई में तालिबान के कई लड़ाके मारे गए हैं और उससे कहीं ज्यादा घायल हुए हैं।

दूसरी ओर, अफगानिस्तान के पंजशीर इलाकों में तालिबान के खिलाफ लड़ने के लिए पूर्व सैनिकों ने मोर्चा संभालना शुरू कर दिया है।इन सभी की अगुवाई अहमद मसूद  कर रहे हैं, जो कि तालिबानियों को मात दे चुके हैं। अहमद शाह मसूद के बेटे हैं।

Advertisement

बताया जा रहा है कि सरकार बनाने की रस्साकस्सी में उलझे तालिबान के शीर्ष नेतृत्व की आंखों में आने के लिए इस समय कई शीर्ष आतंकी कमांडर काबुल में डेरा जमाए हुए हैं। इस कारण स्थानीय स्तर पर तालिबान की पकड़ कमजोर भी हुई है। इसी का फायदा स्थानीय विद्रोही समूह उठा रहे हैं। अगर विद्रोही गुट ऐसे ही हमले करते रहे तो तालिबान के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

पंजशीर अफगानिस्तान का एकमात्र ऐसा प्रांत है, जिसपर तालिबान आजतक अपना कब्जा नहीं कर पाया है। चारों तरफ से पहाड़ियों से घिरा यह प्रांत इस बार भी तालिबान के खिलाफ विद्रोह की आवाज बुलंद करता हुआ दिख रहा है। अफगानिस्तान के उपराष्ट्रपति अमरुल्लाह सालेह, अहमद शाह मसूद के बेटे अहमद मसूद और बल्ख प्रांत के पूर्व गवर्नर अता मुहम्मद नूर विद्रोहियों का नेतृत्व कर रहे हैं। अमरुल्लाह सालेह ने तो खुद को अफगानिस्तान का कार्यवाहक राष्ट्रपति घोषित कर दिया है।

बुधवार को जलालाबाद में एक मीनार पर लगे तालिबानी झंडे को नीचे उतार दिया गया। उसकी जगह अफगानिस्तान का झंडा फहराया गया। यह विरोध का एक बड़ा कदम था जिसके तहत कार्यालयों पर तालिबान के झंडे की जगह अफगानिस्तान का झंडा फहराने की मांग को लेकर स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए। हालांकि, इसका अंत दर्दनाक हुआ और प्रदर्शनकारियों पर गोलियां बरसाई गईं। घटना में करीब 3 लोगों के मारे जाने की खबर है लेकिन बड़ी बात यह रही कि आंदोलन यहां खत्म नहीं हुआ। जलालाबाद की आग खोस्त तक पहुंचने की भी खबरें जहां ऐसे ही विरोध प्रदर्शन देखे गए।

 जहां राष्ट्रपति अशरफ गनी काबुल पर तालिबान के कब्जे के बाद देश छोड़कर फरार हो गए। वहीं उपराष्ट्रपति अमरुल्लाह सालेह अपने गढ़ यानी पंजशीर प्रांत चले गए। उनकी एक तस्वीर भी आई है जिसमें सालेह कई लोगों के साथ बैठकर बातें करते नजर आ रहे हैं। माना जा रहा है कि तालिबान के खिलाफ विद्रोह का यहीं से झंडा बुलंद हो सकता है। नार्दन अलायंस शुरू से ही तालिबान के खिलाफ जंग करती आई है। ऐसे में अब अमरुल्लाह सालेह अपने कमांडर अहमद शाह मसूद की जगह ले सकते हैं। ऐसे में तालिबान को इस प्रांत से बड़ी चुनौती मिलने की संभावना है। अफगानिस्तान तालिबानी शासन (Talibani Rule) की शुरुआत होने के बाद से ही स्थानीय जनता भी बेहद परेशान है। देश के अलग-अलग हिस्सों में सड़कों पर जनता ने तालिबान का विरोध करना शुरू कर दिया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Taliban, Afghanistan, opponents, liberated, 3 districts, Afghan, News
OUTLOOK 20 August, 2021
Advertisement