Advertisement
28 June 2018

अमेरिकी राजदूत निक्की हेली ने गुरुद्वारे के लंगर में दी सेवाएं, बेली रोटियां

ANI

संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी की राजदूत निक्की हेली भारत के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। गुरुवार को दिल्ली के गौरी शंकर मंदिर, जामा मस्जिद और शीशगंज गुरुद्वारे पहुंचकर उन्होंने धार्मिक सद्भावना का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारे में लंगर के लिए रोटियां भी बनाईं।

गुरुद्वारे शीश गंज के रसोईघर में लंगर के लिए बनाई जाने वाली सब्जी को पकाने में निक्की हेली ने सहयोग दिया।  उन्होंने दिल्ली के कई ऐतिहासिक स्थलों का दौरा भी किया। उनका कहना है कि उनकी इस यात्रा का मकसद दुनिया के दो सबसे पुराने लोकतत्रों के बीच साझेदारी को मजबूत करना है।

हेली का कहना है , 'भारत वापस आकर मेरा दिल खुश हो गया है। यह उतना ही सुंदर है जितना मुझे याद था। मेरे माता-पिता ने कहा कि मैं पागल हूं जो इतनी गर्मी में वहां जा रही हूं, लेकिन मैं आपको बताना चाहती हूं कि भारत आने के लिए इतनी गर्मी झेली जा सकती है।'

Advertisement

इससे पहले बुधवार को हेली ने अमेरिका के राजदूत केनेथ जस्टर के साथ मुगलशाह हुमायूं के मकबरे का दौरा किया था। उन्होंने कहा कि हुमायूं का मकबरा इस बात की याद दिलाता है कि भारत संस्कृति की कितनी कद्र करता है। उन्होंने नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हर बच्चे की सुरक्षा को सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने दिल्ली के बुराड़ी इलाके में सत्यार्थी द्वारा स्थापित बाल पुर्नवास केंद्र मुक्ति आश्रम में जाकर बच्चों से भी बातचीत की।

हेली पंजाब के सिख प्रवासी की बेटी हैं। इससे पहले हेली साल 2014 में भी भारत आ चुकी हैं। उस समय वह साउथ कैरोलिना की गर्वनर थीं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: United States, Ambassador, UN, Nikki Haley, langar, Gurudwari, sis ganj
OUTLOOK 28 June, 2018
Advertisement