Advertisement
23 August 2021

तालिबान के खिलाफ जुट रहे अफगानी, बगलान प्रांत में 300 तालिबानियों को मारा-कई कैद

FILE PHOTO

अफगानिस्तान में एक बार फिर अपनी सरकार बनाने की तैयारी कर रहे तालिबान ने बेशक काबुल पर कब्जा कर लिया हो, लेकिन अफगानिस्तान का एक इलाका ऐसा भी है जहां कब्जे का उसका सपना कभी पूरा नहीं हो सका, न पहले और न ही अब। काबुल पर कब्जे के बाद तालिबान के लड़ाके अब पंजशीर घाटी की ओर बढ़ रहे हैं, लेकिन इस बीच उन्हें एक करारा झटका लगा है। खबर है कि पंजशीर के विद्रोहियों ने घात लगाकर हमला किया और 300 तालिबानियों को मार गिराया है।

दावा किया जा रहा है कि एक हमले में यहां 300 तालिबानी मार गिराए गए हैं, जबकि कई को कैद कर लिया गया है। बीबीसी की पत्रकार यालदा हकीम ने ट्वीट कर बताया है कि बगलान के अंद्राब में छिपकर तालिबानियों पर ये बड़ा हमला किया गया। हमले में तालिबानियों को बड़ा नुकसान पहुंचा है। तालिबान विरोधी लड़ाकों की तरफ से दावा किया गया है कि इस हमले में उन्होंने 300 तालिबानियों को मार गिराया है। खबर ये भी है कि हमले के बाद कई तालिबानियों को कैद कर लिया गया है।

वहीं, अफगानिस्तान के उप राष्ट्रपति अमरुल्लाह सालेह ने भी इस हमले की ओर इशारा किया है। एक ट्वीट के जरिए तालिबान पर तंज कसते हुए कहा गया है, 'जब से तालिबानियों पर बड़ा हमला किया गया है, उसके लिए एक पीस में जिंदा वापस आना भी चुनौती थी। अब तालिबान ने पंजशीर में अपने लड़ाकों की संख्या बढ़ा दी है।'

Advertisement

जानकारी के मुताबिक, तालिबान ने कारी फसीहुद दीन हाफिजुल्लाह के नेतृत्व में पंजशीर पर हमला करने के लिए सैकड़ों लड़ाकों को भेजे थे, लेकिन बगलान प्रांत की अंदराब घाटी में घात लगाकर बैठे पंजशीर के विद्रोहियों ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में 300 तालिबानी लड़ाकों के मारे जाने की खबर है। इससे तालिबान का सप्लाई रूट भी ब्लॉक हो गया है।

बता दें कि पिछले दिनों तालिबान विरोधी लड़ाकों ने अफगानिस्तान के उत्तरी बगलान प्रांत के तीन जिलों से तालिबान को बाहर कर दिया था। इन लड़ाकों ने पुल-ए हिसार, देह सलाह और बानू जिले पर शुक्रवार को अपना कब्जा कर लिया था, लेकिन तालिबान ने शनिवार को फिर से बानू पर कब्जा जमा लिया था। अब बचे हुए दो जिलों को वापस लेने के लिए तालिबान लड़ाई लड़ रहे हैं। वहीं, बताया जा रहा है कि दूसरी तरफ तालिबान के लड़ाके पंजशीर की तरफ भी बढ़ रहे हैं। वो वहां पर एक बड़े हमले की तैयारी में हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Afghans, Afghanistan lives matter, taliban, talibans, 300 Taliban, Baglan province
OUTLOOK 23 August, 2021
Advertisement