Advertisement
23 October 2018

वैज्ञानिक स्टीफन हॉकिंग की व्हीलचेयर, उनकी रिसर्च और पुरस्कारों की होगी नीलामी

मशहूर वैज्ञानिक स्टीफन हॉकिंग को उनकी मौत तक लोगों ने केवल व्हीलचेयर पर ही देखा है। अब उसी व्हीलचेयर को नीलाम करने की तैयारी चल रही है। इसके अलावा उनके शोधपत्र तथा उनसे जुड़ी महत्वपूर्ण वस्तुओं की नीलामी की जाएगी। नीलामी में भौतिकशास्त्री के रूप में उनकी लोकप्रियता नजर आएगी।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, नीलामीघर क्रिस्टी ने सोमवार को हॉकिंग की 22 चीजों की ऑनलाइन बिक्री का ऐलान किया है जिनमें ब्रह्मांड की उत्पत्ति पर उनकी थीसिस, उनके कुछ पुरस्कार और वैज्ञानिक शोधपत्र आदि शामिल हैं।

इन शोधपत्रों में स्पेक्ट्रम ऑफ वॉर्महोल्स और फंडामेंटल ब्रेकडाउन ऑफ फिजिक्स इन ग्रेविटेशनल कॉलेप्स शामिल हैं। क्रिस्टी में पुस्तकों और पांडुलिपि विभाग के प्रमुख थॉमस वेनिंग ने कहा कि ये शोधपत्र हॉकिंग की सोच के विकासक्रम को, उनकी बुद्धिमत्ता को दर्शाते हैं। हॉकिंग एक कॉस्मोलॉजिस्ट के रूप में प्रसिद्ध रहे और अंतरिक्ष में ब्लैक होल पर उनके अनुसंधान हमेशा खबरों में रहे।

Advertisement

महज 22 साल की उम्र में मोटर न्यूरोन बीमारी का पता लगने के बाद उनकी जिंदगी कुछ ही साल बचे होने की आशंका व्यक्त की गई थी। उसके बाद भी वह सालों तक व्हीलचेयर पर रहते हुए भौतिकी के क्षेत्र में अपना शोध करते रहे। मार्च में 76 साल की उम्र में उनका निधन हो गया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Stephen Hawking, wheelchair, medals, auction
OUTLOOK 23 October, 2018
Advertisement