Advertisement
08 July 2017

चीन ने दी भारत में रह रहे अपने नागरिकों को सचेत रहने की सलाह

सिक्किम सेक्टर के डोकलाम इलाके में भारतीय और चीनी सैनिकों में गतिरोध के बीच चीन ने भारत की यात्रा कर रहे अपने नागरिकों के लिए शनिवार को सुरक्षा के लिए एडवाइजरी जारी किया।

बीजिंग में विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने पीटीआई से कहा, ‘‘यह यात्रा अलर्ट नहीं है। यह परामर्श है जिसमें चीनी यात्रियों को सतर्क रहने को कहा गया है।’’

एडवाइजरी में भारत जाने वाले चीनी यात्रियों से सुरक्षा हालात पर करीब से ध्यान देने और जरूरी एहतियात बरतने को कहा गया है। दिल्ली स्थित चीनी दूतावास की तरफ से जारी निर्देश में चीनी नागरिकों को अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति सचेत रहने को कहा है।

Advertisement

चीन ने पांच जुलाई को कहा था कि वह सुरक्षा हालात को देखते हुए भारत जाने वाले चीनी नागरिकों के लिए यात्रा अलर्ट जारी करने पर फैसला करेगा। उसने सरकारी मीडिया में आई इस तरह की खबरों को तवज्जो नहीं दी थी, जिनमें चीनी निवेशकों से सीमा पर गतिरोध के मद्देनजर सतर्क रहने को कहा गया था।

चीन और भारत के बीच पिछले तीन सप्ताह से भूटान ट्राई-जंक्शन के पास डोकलाम इलाके में गतिरोध बना हुआ है। इससे पहले चीन की सेना के निर्माण दल ने एक सड़क का निर्माण करने का प्रयास किया था। डोका ला उस क्षेत्र का भारतीय नाम है, जिसे भूटान में डोकलाम कहा जाता है। चीन इसे अपने डोंगलांग क्षेत्र का हिस्सा होने का दावा करता है। जम्मू कश्मीर से अरुणाचल प्रदेश तक 3488 किलोमीटर लंबी भारत-चीन सीमा का 220 किलोमीटर हिस्सा सिक्किम में पड़ता है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: china advisory, sikkim standoff
OUTLOOK 08 July, 2017
Advertisement