Advertisement
13 March 2022

चीन में फिर बढ़ा कोरोना का प्रकोप, ज्यादा नये मामले मिलने पर बढ़ी सख्ती

कोरोना वायरस

हांगकांग में शनिवार को कोरोना वायरस के 27647 नये मामले दर्ज किये गये। वहीं शंघाई में स्कूल-पार्क बंद रहे, तो बीजिंग में आवासीय इलाकों में प्रवेश करने पर रोक लगा दी गई है। नये मामले मिलने के बाद बीजिंग में प्रशासन ने लोगों से कहा कि वह अपने घरों से बाहर नहीं निकलें।

हांगकांग के नेता कैरी लाम ने चेताया कि हो सकता है कि क्षेत्र में कोविड संक्रमण की लहर अभी चरम पर ना पहुंची हो। उन्होंने कहा कि इस वक्त यह कहना आसान नहीं होगा कि हम संक्रमण की चरम अवस्था को पार कर चुके हैं, हमें बहुत सतर्कता बरतनी चाहिए।

चीन की मुख्य भूमि पर शुक्रवार आधी रात तक 24 घंटों में कोविड के 588 नये मामले दर्ज किए गए और किसी कोविड मरीज की मौत नहीं हुई। यह संख्या अन्य देशों की तुलना में बहुत कम है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि अगर संक्रमण का एक भी मामला पाया जाता है तो वे सामुदायिक लॉकडाउन के लिए तैयार हैं।

Advertisement

शंघाई शहर में शनिवार को संक्रमण के 22 नए मामले मिलने पर सरकार ने ऐलान किया कि स्कूल फिर से ऑनलाइन माध्यम से शिक्षण शुरू करें। बीजिंग में संक्रमण के पांच नये मामले मिले हैं। बीजिंग के पूर्वोत्तर जिले शुनी में संक्रमण के मद्देनजर एक हाउसिंग कॉम्प्लेक्स का हिस्सा बंद कर दिया गया और लोगों को जांच कराने का आदेश दिया गया। सरकारी टीवी ने राजधानी की कम्युनिस्ट पार्टी कमेटी के प्रवक्ता शू हेजियान के हवाले से कहा, ‘‘ कृपया जब तक जरूरी न हो, बीजिंग न छोड़ें।’’

TAGS: चीन, कोरोना का प्रकोप, coronavirus in China, China
OUTLOOK 13 March, 2022
Advertisement