Advertisement
16 June 2025

साइप्रस में पीएम मोदी को सर्वोच्च नागरिक सम्मान, प्रधानमंत्री बोले- 'विनम्रता के साथ स्वीकार, ये 140 करोड़ भारतीयों का...'

ट्विटर/एएनआई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आज साइप्रस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया गया है। साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने उन्हें ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III’ से नवाजा, जो देश का सबसे बड़ा सम्मान है। यह सम्मान द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और वैश्विक नेतृत्व में उनके योगदान के लिए दिया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साइप्रस के सर्वोच्च सम्मान को लेकर कहा, "ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III सम्मान के लिए मैं आपका(साइप्रस के राष्ट्रपति), साइप्रस सरकार और साइप्रस के लोगों का अभिनंदन करता हूं। यह सम्मान केवल मेरा नरेंद्र मोदी का सम्मान नहीं है ये 140 करोड़ भारतवासियों का सम्मान है। उनके सामर्थ्य और आकांक्षाओं का ये सम्मान है। ये हमारे देश के सांस्कृतिक, भाईचारे और वसुधैव कुटुम्बकम के विचारधारा का सम्मान है। मैं यह सम्मान भारत और साइप्रस के मैत्रीपूर्ण संबंधों, हमारे साझा मूल्यों और हमारी पारस्परिक समझ को समर्पित करता हूं। सभी भारतीयों की ओर से मैं इस सम्मान को अत्यंत विनम्रता और कृतज्ञता से स्वीकार करता हूं। ये अवार्ड शांति, सुरक्षा, संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और हमारे लोगों की समृद्धि के लिए हमारी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। मैं इस सम्मान को भारत और साइप्रस के संबंधों के प्रति एक जिम्मेदारी के रूप में इसका महत्व समझता हूं और उस भाव से इसको लेता हूं। मुझे विश्वास है कि हमारी सक्रिय साझेदारी आनेवाले समय में और भी नई ऊंचाइयों को छूएगी। हम मिलकर ना केवल अपने देशों के विकास को मजबूत करेंगे बल्कि एक शांतिपूर्ण और सुरक्षित वैश्विक वातावरण के लिए उसके निर्माण के लिए मिलकर योगदान देंगे।"

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का साइप्रस की राजधानी निकोसिया स्थित राष्ट्रपति भवन में भव्य स्वागत किया गया। वह साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स के आमंत्रण पर दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर पहुंचे हैं। यह दौरा खास इसलिए भी है क्योंकि बीते बीस वर्षों में यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली साइप्रस यात्रा है। इस दौरान पीएम मोदी और राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलाइड्स के बीच कई अहम मुद्दों पर बातचीत होनी है, जिससे दोनों देशों के द्विपक्षीय रिश्ते और मजबूत होने की उम्मीद है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Cyprus, highest civilian honour, PM Narendra Modi, honour of 140 crore Indians
OUTLOOK 16 June, 2025
Advertisement