Advertisement
11 September 2015

आईएस से संबंध रखने के आरोप में भारतीय महिला गिरफ्तार

आईएस के लिए भर्ती करने वाली पहली भारतीय महिला गिरफ्तार | प्रतीकात्‍मक

आतंकी संगठन इस्‍लामिक स्‍टेट यानी आईएस के लिए कथित तौर पर काम करने वाली एक भारतीय महिला को हैदराबाद एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, अफ्शा जबीन नाम की इस महिला का कल दुबई से प्रत्‍यर्पण किया गया। गौरतलब है कि इस साल जनवरी में आईएस में भर्ती होने जा रहे सलमान मोइनुद्दीन नाम के युवक को हैदराबाद एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया था। बताया जाता है कि उसने ही आईएस के लिए ऑनलाइन भर्ती करने वाली इस महिला के बारे में जानकारी दी है।  

मिली जानकारी के अनुसार, जबीन को खुफिया एजेंसियों की मदद से दुबई से उसके पति और तीन बच्चों के साथ पकड़ा गया। जबीन के पति का नाम देवेंद्र बत्रा बताया जा रहा है। उसे मुस्‍तफा के नाम से भी जाना जाता है। फिलहाल खुफिया एजेंसियां जबीन से पूछताछ कर रही हैं और उससे यह जानने की कोशिश की जा रही है कि उसकी मदद से कितने लोग आईएस से जुड़े। 38-वर्षीय अफशा जबीन के बारे में कहा जा रहा है कि वह खुद को निकी जोसफ नाम की ब्रिटिश नागरिक बताकर नौजवानों को आईएस में भर्ती होने के लिए प्रेरित करती थी। उसके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियों की रोकथाम कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।

 

Advertisement

 

TAGS: आतंकी संगठन, आईएस, दुबई, हैदराबाद, गिरफ्तार, अफ्शा जबीन, देवेंद्र बत्रा
OUTLOOK 11 September, 2015
Advertisement