अफगानिस्तान में झंडे को लेकर प्रदर्शन, तालिबान ने बरसाईं गोलियां
अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे के बाद जहां अफरातफरी का आलम है। वहीं जलालाबाद शहर में लोग तालिबान के झंडे के बजाय कार्यालयों पर अफगानिस्तान के झंडे को फिर से लगाने की मांग को लेकर बुधवार को सड़कों पर उतर आए। हालांकि तालिबान लड़ाकों ने प्रदर्शनकारियों पर गोलियां चला दीं।
सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में सैकड़ों की तादाद में लोगों को अफगानिस्तान का झंडा लेकर मार्च निकालते देखा जा सकता है। वहीं वीडियो के बैकग्राउंड में गोलियों की आवाज भी साफ सुनी जा सकती है। बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों को इलाके से तितर-बितर करने के लिए तालिबानी लड़ाकों ने फायरिंग की। फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने की कोई जानकारी नहीं मिली है।
अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद से हालात बहुत खराब हो गए हैं। लोग जल्द से जल्द अफगानिस्तान छोड़कर भाग रहे हैं। कुछ लोग तालिबान के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच तालिबानियों ने एयरपोर्ट और जलालाबाद में बर्बरता दिखाई है। काबुल एयरपोर्ट पर तालिबान ने महिलाओं और बच्चों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई, वहीं जलालाबाद में प्रदर्शन कर रहे लोगों पर फायरिंग भी की गई।
ये भी पढ़ें - अफगानिस्तान: महिलाओं से लेकर मीडिया तक की कैसी होगी स्थिति? जानें पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या बोला तालिबान
बता दें कि मंगलवार को तालिबान ने प्रेस फॉन्फ्रेंस करते हुए दुनिया को ये विश्वास दिलाने की कोशिश करते हुए वादा किया था कि महिलाओं के अधिकारों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही शांति बनाए रखने के लिए कानून व्यवस्था को बहाल किया जाएगा। तालिबान ने वादा किया था कि दुनिया उसे मान्यता दे, वह किसी को भी कोई नुकासान नहीं पहुंचाएगा। इसके अलावा, लोगों से अफगानिस्तान नहीं छोड़ने की अपील भी की थी।