Advertisement
18 August 2022

अगले सप्ताह तक श्रीलंका लौटेंगे गोटबाया राजपक्षे, प्रदर्शन के बीच भाग निकले थे पूर्व राष्ट्रपति

श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे अगले सप्ताह वापस श्रीलंका लौटेंगे। उनके चचेरे भाई उदयंगा वीरातुंगा ने बुधवार को इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि गोटबाया राजपक्षे 24 अगस्त को श्रीलंका लौटेंगे। बता दें कि आर्थिक संकट को लेकर एक महीने से अधिक समय तक चले सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच राजपक्षे देश छोड़कर भाग गये थे।

वर्ष 2006 से 2015 तक रूस में श्रीलंका के राजदूत रहे वीरातुंगा ने कहा, ‘‘उन्होंने मुझसे फोन पर बात की, मैं आपको बता सकता हूं कि वह अगले हफ्ते देश लौट आएंगे।’’ उन्होंने कहा कि राजपक्षे 24 अगस्त को लौट सकते हैं। उन्होंने कहा कि अपदस्थ राष्ट्रपति को राजनीतिक पदों पर फिर से नहीं चुना जाना चाहिए।

श्रीलंका के 73 वर्षीय पूर्व राष्ट्रपति के बारे में वीरतुंगा ने कहा, ‘‘लेकिन वह अभी भी देश के लिए कुछ सेवा कर सकते हैं जैसी उन्होंने पहले की थी।’’ राजपक्षे फिलहाल थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के एक होटल में ठहरे हुए हैं, जहां पुलिस ने उन्हें सुरक्षा कारणों से घर के अंदर रहने की सलाह दी है।

Advertisement

राजपक्षे दूसरे देश में स्थायी शरण लेने से पहले अस्थायी प्रवास के लिए 11 अगस्त को सिंगापुर से एक विशेष उड़ान से थाईलैंड पहुंचे थे। वह उसी दिन बैंकॉक पहुंचे जिस दिन सिंगापुर में उनका वीजा समाप्त हो गया था। थाइलैंड के प्रधानमंत्री प्रयुत चान-ओचा ने इससे एक दिन पहले पुष्टि की थी कि थाइलैंड सरकार ने राजपक्षे के देश में अस्थायी रूप से रहने पर सहमति जता दी है और इस दौरान राजपक्षे किसी तीसरे देश में स्थायी शरण मिलने की संभावनाएं तलाशेंगे।

थाइलैंड के प्रधानमंत्री ने मानवीय आधार पर राजपक्षे को थाइलैंड यात्रा की अनुमति दी थी और कहा था कि उन्होंने किसी अन्य देश में स्थायी शरण की अपनी तलाश के दौरान इस देश में राजनीतिक गतिविधियां नहीं चलाने का वादा किया है।

थाईलैंड सरकार ने पुष्टि की थी कि राजपक्षे के देश की यात्रा करने के लिए श्रीलंका की मौजूदा सरकार से अनुरोध प्राप्त हुआ था। जुलाई में श्रीलंका में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच देश छोड़ने के बाद वह सिंगापुर गये थे। वह 13 जुलाई को मालदीव पहुंचे थे और उसके बाद सिंगापुर गये जहां उन्होंने देश के आर्थिक संकट को लेकर प्रदर्शनों के बीच अपने इस्तीफे की घोषणा की थी।

श्रीलंका में ‘डेली मिरर’ अखबार की एक खबर में कहा गया था कि राजपक्षे 90 दिन का थाई वीजा समाप्त होने के बाद नवंबर में श्रीलंका लौट आयेंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Gotabaya Rajapaksa, return to Sri Lanka, next week
OUTLOOK 18 August, 2022
Advertisement