Advertisement
15 August 2025

पाकिस्तान में भारी बारिश के कारण तबाही, 24 लोगों की मौत

पाकिस्तान के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई और कई लोग लापता हो गए। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

बचाव अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के लोअर दीर, बाजौर और एबटाबाद समेत कई जिलों में अचानक आई बाढ़ व भूस्खलन में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए।

लोअर दीर के मैदानी इलाके सोरी पाओ में एक मकान की छत गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई और महिलाओं व बच्चों समेत चार अन्य घायल हो गए। बचावकर्मियों ने मलबे से सात लोगों को निकाला, जिनमें से पांच को मृत घोषित कर दिया गया।

Advertisement

अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण पंजकोरा नदी का जलस्तर खतरनाक रूप से बढ़ गया है। बाजौर जिले में, जबरारी और सालारजई इलाकों में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से व्यापक तबाही हुई।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अब तक नौ शव और चार घायल व्यक्ति बरामद किए गए हैं, जबकि कम से कम 17 अन्य लापता बताए जा रहे हैं।

जबरारी गांव में बादल फटने से भीषण बाढ़ आ गई, जिससे कई लोग घायल हो गए। बचाव दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे, पांच शव बरामद किए और घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद स्थानीय अस्पताल पहुंचाया।

बाजौर के जिला आपातकालीन अधिकारी अमजद खान बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। उपायुक्त शाहिद अली ने पुष्टि की है कि सालारजई की घटना में नौ लोग मारे गए हैं और दो गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को खार अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Heavy rains, devastation in Pakistan, 24 people died
OUTLOOK 15 August, 2025
Advertisement