Advertisement
18 June 2020

सुरक्षा परिषद का अस्थाई सदस्य बना भारत, 192 में से 184 देशों ने दिया समर्थन

भारत बुधवार को  संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का अस्थाई सदस्य चुन लिया गया है। अब भारत 2021-22 कार्यकाल के लिए संयुक्त राष्ट्र की सर्वोच्च संस्था का अस्थाई सदस्य बन जाएगा। 192 वोटों में से भारत के पक्ष में 184 वोट पड़े। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टीएस त्रिमूर्ति ने अपने ट्विटर हैंडल से इस बात की जानकारी देते हुए लिखा कि सदस्य देशों ने भारत को भारी समर्थन देते हुए 2021-22 तक के लिए यूएनएससी का अस्थाई सदस्य चुना है। भारत को 192 में से 184 वोट मिले हैं।

दरअसल, 193 सदस्यीय संयुक्त राष्ट्र महासभा ने अपने 75वें सत्र के लिए अध्यक्ष, सुरक्षा परिषद के अस्थाई सदस्यों और आर्थिक एवं सामाजिक परिषद के सदस्यों के लिए चुनाव कराया था। बता दें कि भारत पहली बार 1950 में अस्थायी सदस्य के रूप में चुना गया था और अब आठवीं बार यह जिम्मेदारी मिलने जा रही है।

भारत के साथ आयरलैंड मेक्सिको और नार्वे को भी यह सदस्यता हासिल हुई है। वोटिंग के लिए 192 सदस्य देश मौजूद थे और दो तिहाई बहुमत की जरूरत थी। भारत को 184 वोट मिले। कनाडा यह चुनाव हार गया।

Advertisement

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी दूतावास ने ट्वीट में बताया, 'सुरक्षा परिषद में 2021-22 टर्म के लिए सदस्य देशों ने भारत का चुनाव कर लिया। भारत को 192 में से 184 वोट हासिल हुए।'  वर्ष 2021 के 1 जनवरी से भारत संयुक्त राष्ट्र के अस्थायी सदस्य के तौर पर उसके पांच स्थायी सदस्यों चीन, फ्रांस, रूस, ब्रिटेन और अमेरिका व अस्थायी सदस्य एस्टोनिया, नाइजर, संत विंसेंट और ग्रेनाडाइन्स, ट्यूनिशिया और वियतनाम के साथ बैठेगा।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में कुल 15 देश हैं। इनमें से पांच (अमेरिका, रूस, फ्रांस, ब्रिटेन और चीन) स्थायी सदस्य हैं। जबकि हर साल संयुक्त राष्ट्र महासभा दो साल के कार्यकाल के लिए पांच अस्थायी सदस्यों (कुल 10 में से) का चुनाव करती है। भारत 2021-22 के कार्यकाल के लिए एशिया-प्रशांत क्षेत्र से अस्थायी सीट के लिए एकमात्र उम्मीदवार था, भारत की जीत इसलिए सुनिश्चित थी। नई दिल्ली की उम्मीदवारी का सर्वसम्मति से पिछले साल जून में चीन और पाकिस्तान समेत 55 सदस्यीय एशिया-प्रशांत समूह ने समर्थन किया था।

संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष तिजानी मुहम्मद-बंदे ने सोमवार को विभिन्न चुनावों के लिए उम्मीदवारों के नाम के साथ सदस्य देशों को एक पत्र जारी किया था। अफ्रीकी और एशिया-प्रशांत देशों के बीच की दो रिक्त सीटों के लिए जिबूती, भारत और केन्या दावेदार हैं। इन तीन उम्मीदवारों में से भारत और केन्या समर्थित उम्मीदवार हैं। जबकि दक्षिणी अमेरिकी और कैरेबियन देशों के लिए रिक्त एक खाली सीट के लिए मैक्सिको का समर्थन किया गया है। वहीं पश्चिमी यूरोप और अन्य देशों के बीच की दो रिक्त सीटों के लिए कनाडा, आयरलैंड और नार्वे ने अपनी दावेदारी जताई है।

भारत कब-कब अस्थाई सदस्य चुना गया

भारत आठवीं बार सुरक्षा परिषद का अस्थाई सदस्य चुना गया। इसके पहले 1950-51, 1967-68, 1972-73, 1977-78, 1984-85, 1991-92 और 2011-12 में भारत यह जिम्मेदारी निभा चुका है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: India, Elected, Unopposed, Non-permanent Seat, In UN Security Council
OUTLOOK 18 June, 2020
Advertisement