Advertisement
16 July 2015

संघर्ष विराम उल्लंघन पर भारत का पाक से विरोध

नई दिल्ली। भारत ने अखनूर सेक्टर में संघर्ष विराम उल्लंघन को लेकर पाकिस्तान के समक्ष विरोध जताया है। इस संघर्ष विराम उल्लंघन में एक महिला की मौत हो गई थी। सरकारी सूत्रों के मुताबिक भारत ने दिल्ली और इस्लामाबाद दोनों जगहों पर विरोध दर्ज कराया है। दिल्ली में पाकिस्तान के उच्चायुक्त को भारत ने अपनी चिंताओं से अवगत कराया इसके साथ ही पाकिस्तान विदेश कार्यालय में भारतीय उच्चायुक्त ने ये मामला उठाया।

पाकिस्तानी रेंजर्स ने बुधवार को अखनूर सेक्टर में गोलीबारी की और मोर्टार दागे। कल दो बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया गया। पाकिस्तान की ओर से हल्के हथियारों से असैन्य क्षेत्रों को निशाना बनाया गया। अखनूर में भलवाल भारथ, मालाबेला और सिदेरवान पर गोलीबारी की गई। इस गोलीबारी में पोली देवी नाम की 42 वर्षीय महिला की मौत हो गई।

मोदी के दौरे से पहले सीज फायर उल्लंघन

Advertisement

इससे पहले 9 जुलाई को पाकिस्तानी जवानों ने उत्तरी कश्मीर की सीमावर्ती चौकी पर फायरिंग की थी जिसमें एक बीएसएफ जवान की मौत हो गई थी। इस दिन रूस में भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के बीच मुलाकात होनी थी। बुधवार को हालिया फायरिंग की ये घटना उस समय सामने आई है जब नरेंद्र मोदी जम्मू के दौरे पर आनेवाले हैं। जुलाई में कुल 9 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया जा चुका है।

TAGS: भारत, पाकिस्तान, संघर्ष विराम उल्लंघन, सीज फायर
OUTLOOK 16 July, 2015
Advertisement