Advertisement
10 March 2019

इथियोपिया: प्लेन क्रैश में 4 भारतीयों समेत सभी 157 लोगों की मौत

इथियोपियन एयरलाइंस का बोइंग 737 विमान रविवार को क्रैश हो गया। इसमें सवार सभी 149 यात्री और 8 क्रू मेंबर्स की मौत हो गई। इनमें चार भारतीय थे। सरकारी मीडिया के मुताबिक, मृतकों में 33 देशों के नागरिक शामिल हैं। प्लेन इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा से केन्या के नैरोबी जा रहा था।

एयरलाइंस के सीईओ तेवोल्दे गेबरेमारियम ने बताया कि बोइंग विमान ने स्थानीय समयानुसार सुबह 8.38 बजे उड़ान भरी और इसके 6 मिनट बाद ही इसका संपर्क टूट गया था। अभी हादसे की वजह पता नहीं चल पाई है। हालांकि, पायलट ने इमरजेंसी कॉल किया था। इसके बाद उसे लौटने की अनुमति दी गई।

नवंबर में खरीदा गया था प्लेन

Advertisement

विमान राजधानी अदीस अबाबा से करीब 60 किलोमीटर दूर बीशोफ्तू के पास क्रैश हुआ। एयरलाइंस ने इस विमान को नवंबर में ही खरीदा था। इथियोपियन एयरलाइन को अफ्रीका की सबसे बड़ी एयरलाइन के तौर पर जाना जाता है। 2010 में भी एयरलाइंस का एक विमान बेरूत से उड़ान भरने के बाद क्रैश हो गया था, तब 90 यात्रियों की जान गई थी।

सबसे ज्यादा केन्या के यात्रियों की मौत

एयरलाइंस के प्रवक्ता ने बताया कि बोइंग विमान में केन्या के 32, इथियोपिया के 17, कनाडा के 18, अमेरिका, इटली और चीन के 8-8, फ्रांस और ब्रिटेन के 7-7, मिस्र के 6, नीदरलैंड के 5, भारत और स्लोवाकिया के 4-4 यात्री सवार थे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Ethiopian Airlines, crashes, 157 aboard
OUTLOOK 10 March, 2019
Advertisement