Advertisement
14 July 2017

सीमा पर तनाव के बीच चीन जाएंगे एनएसए डोभाल

सीमा पर तनाव के बीच चीन जाएंगे एनएसए डोभाल | File photo

भारत-चीन सीमा विवाद के बीच राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल इस महीने के आखिर में चीन जाएंगे। चीन में डोभाल ब्रिक्स देशों की बैठक में भाग लेंगे। डोभाल ब्रिक्स देशों, ब्राजील, रूस, भारत, चीन और साउथ अफ्रीका (ब्रिक्स) के एनएसए की मीटिंग में शामिल होने के लिए चीन जाएंगे। यह बैठक चीन की राजधानी पेइचिंग में 26-27 जुलाई को होनी है।

सिक्कीम क्षेत्र में भारत चीन सीमा पर दोनों देशों के बीच गतिरोध बना हुआ है। चीन का कहना है कि भारत ने सीमा का उल्लंघन किया है और उसके सैनिकों ने चीन की सीमा में बन रही सड़क के काम को रुकवाया है। उधर भारत पहले ही चीन के आरोपों को नकार चुका है। लेकिन चीन अड़ा हुआ है कि जब तक भारत डोकलाम से अपने सैनिक वापस नहीं बुलाता, भारत से बातचीत नहीं हो सकती।

उधर आज यानी शुक्रवार को इस मुद्दे पर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भी नई दिल्ली में सर्वदलीय बैठक बुलाई है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह बैठक में चीन के साथ उपजे गतिरोध की स्थिति से जुड़ी जानकारी देंगे। बताया गया है कि बैठक का मकसद 17 जुलाई से शुरू हो रहे मॉनसून सत्र से पहले विपक्षी दलों को विश्वास में लेना है।

TAGS: india china standoff, nsa ajit dobhal
OUTLOOK 14 July, 2017
Advertisement