Advertisement
17 January 2023

संयुक्त राष्ट्र ने पाकिस्तानी आतंकी अब्दुल रहमान मक्की का नाम ‘वैश्विक आतंकवादी’ की सूची में डाला, कूटनीतिक मोर्चे पर भारत की बड़ी जीत

पाकिस्तान के खिलाफ आतंकवाद के मोर्चे पर भारत को एक बड़ी कूटनीतिक जीत हासिल हुई है। संयुक्त राष्ट्र ने पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन लश्कर ए तैयबा के उप प्रमुख अब्दुल रहमान मक्की को वैश्विक आतंकवादी घोषित कर दिया है।

चीन द्वारा पाकिस्तान स्थित आतंकवादी समूह लश्कर-ए-तैयबा के उप प्रमुख मक्की को काली सूची में डालने के भारत और अमेरिका के संयुक्त प्रस्ताव में अडंगा लगाने से पीछे हटने के बाद सुरक्षा परिषद की अलकायदा प्रतिबंध समिति को सर्वसम्मति से मक्की को वैश्विक आतंकवादी की सूची में शामिल करने का रास्ता साफ हो गया है।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अल-कायदा प्रतिबंध समिति ने सोमवार को मक्की का नाम अपनी प्रतिबंधित सूची में शामिल किया। इस सूची में शामिल लोगों की संपत्ति जब्त करने, उन पर यात्रा और हथियार संबंधी प्रतिबंध लगाने का प्रावधान है।

Advertisement

चीन ने पिछले साल जून में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की 1267 अल-कायदा प्रतिबंध समिति के तहत मक्की को एक वैश्विक आतंकवादी घोषित करने के लिए भारत और अमेरिका के संयुक्त प्रस्ताव को अंतिम क्षण में बाधित कर दिया था।

मक्की को अमेरिका पहले ही एक आतंकवादी घोषित कर चुका है। वह लश्कर-ए-तैयबा के सरगना एवं 26/11 मुंबई हमले के मुख्य साजिशकर्ता हाफिज सईद का रिश्तेदार है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Pakistan-based LeT's deputy leader, Abdul Rehman Makki, designated, global terrorist, the United Nations
OUTLOOK 17 January, 2023
Advertisement