Advertisement
08 March 2019

हाफिज सईद से पूछताछ करना चाहते थे यूएन अधिकारी, पाकिस्तन ने ठुकराया वीजा अनुरोध

File Photo

पाकिस्तान ने मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड और जमात-उद-दावा के प्रमुख हाफिज सईद से पूछताछ करना चाह रही संयुक्त राष्ट्र की एक टीम का वीजा अनुरोध ठुकरा दिया है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की प्रतिबंध सूची से अपना नाम हटवाने के लिए सईद की ओर से दायर अर्जी के सिलसिले में यह टीम पाकिस्तान में जमात-उद-दावा प्रमुख से पूछताछ करना चाह रही थी। संयुक्त राष्ट्र के सूत्रों ने यह जानकारी दी।

संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रतिबंधित जमात-उद-दावा के मुखिया सईद पर 10 दिसंबर 2008 को पाबंदी लगाई थी। मुंबई हमलों के बाद संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने उसे प्रतिबंधित किया था। मुंबई हमलों में 166 लोग मारे गए थे। नवंबर 2017 में पाकिस्तान में उसे नजरबंदी से रिहा किया गया था।

2017 में प्रतिबंध के खिलाफ हाफिज ने दायर की थी अपील

Advertisement

हाफिज ने 2017 में प्रतिबंध के खिलाफ लाहौर की लॉ फर्म मिर्जा एंड मिर्जा के जरिए अपील दाखिल की थी, उस वक्त वह पाकिस्तान में नजरबंद था। सूत्रों ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र की ओर से नियुक्त स्वतंत्र लोकपाल डेनियल के. फैसियाती ने हाफिज के वकील को जानकारी दी गई कि उसके आवेदन की जांच के बाद यह फैसला किया गया कि वह प्रतिबंध की सूची में ही रहेगा।

पाकिस्तान यात्रा के लिए कोई वीजा नहीं जारी किया जाएगा

संयुक्त राष्ट्र के सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के स्थायी मिशन के एक प्रतिनिधि ने पिछले साल अक्टूबर में संयुक्त राष्ट्र लोकपाल को सूचित किया था कि उनकी पाकिस्तान यात्रा के लिए कोई वीजा नहीं जारी किया जाएगा। संयुक्त राष्ट्र लोकपाल विश्व संस्था द्वारा प्रतिबंधित लोगों एवं संगठनों द्वारा उन्हें प्रतिबंध सूची से हटाने के अनुरोधों की समीक्षा करता है।

हाफिज सईद को UN ने दिया झटका, पाबंदी लिस्ट से निकालने से किया इनकार

इससे पहले एक अहम घटनाक्रम में संयुक्त राष्ट्र ने 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के मास्टरमाइंड और जमात-उद-दावा के प्रमुख हाफिज सईद की वह अपील खारिज कर दी है जिसमें उसने प्रतिबंधित आतंकवादियों की सूची से अपना नाम हटाने की गुहार लगाई थी। सरकारी सूत्रों ने गुरूवार को यह जानकारी दी। बता दें कि यह फैसला ऐसे समय में आया है जब संयुक्त राष्ट्र की 1267 प्रतिबंध समिति को जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मसूद अजहर पर पाबंदी लगाने का एक नया अनुरोध प्राप्त हुआ है।

संयुक्त राष्ट्र की समिति से की गई अजहर पर पाबंदी लगाने की मांग

बीते 14 फरवरी को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हुए फिदाइन हमले में सीआरपीएफ के 40 जवानों की शहादत के बाद संयुक्त राष्ट्र की समिति से अजहर पर पाबंदी लगाने की मांग की गई है। पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी।

बता दें कि संयुक्त राष्ट्र लोकपाल विश्व संस्था, प्रतिबंधित लोगों एवं संगठनों द्वारा उन्हें प्रतिबंध सूची से हटाने के अनुरोधों की समीक्षा करता है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Pakistan, turns down, visa request, UN team, interview Hafiz Saeed
OUTLOOK 08 March, 2019
Advertisement