Advertisement
23 June 2020

हज रद्द नहीं करेगा सऊदी अरब लेकिन कोरोना संकट के चलते सीमित लोगों को मिलेगी अनुमति

सऊदी अरब ने कहा कि इस साल हज को रद्द नहीं किया जाएगा लेकिन कोरोना वायरस को देखते हुए सीमित संख्या में ही लोगों को इसमें शामिल होने की अनुमति दी जाएगी। सऊदी अरब सल्तनत ने मंगलवार को कहा कि वह विभिन्न देशों के केवल उन्‍हीं लोगों को हज में शामिल होने की अनुमति देगा जो पहले से ही मुल्‍क में रह रहे हैं। हालांकि सरकार ने यह नहीं बताया है कि कितने लोगों को शामिल होने दिया जाएगा। वार्षिक हज यात्रा इस साल जुलाई के अंत में शुरू होगी।

आधिकारिक बयान में कहा गया है कि लोगों में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए तमाम सुरक्षात्मक उपाय भी अपनाए जाएंगे। हज के लिए सऊदी अरब के मक्का में आमतौर पर दुनियाभर से 20 लाख के करीब मुस्लिम जुटते हैं लेकिन कोरोना महामारी के चलते इस बार श्रद्धालुओं की संख्या बहुत कम रहेगी।

बता दें कि सऊदी अरब ने अपनी स्थापना के बाद से लगभग 90 वर्षों में कभी भी हज को रद्द नहीं किया है। इस्लाम धर्म के पांच बुनियादी स्तंभ हैं जिसमें हज भी शामिल है। हर मुस्लिम अपने जीवन में कम से एक बार अवश्‍य हज करने की इच्छा रखता है।

Advertisement

इस बार सऊदी अरब के फैसले से स्‍पष्‍ट है कि दूसरे देशों से मुसलमान हज करने के लिए सऊदी अरब नहीं जा पाएंगे। वैसे भी कोरोना संकट के चलते इस साल हज यात्रा के स्थगित होने के कयास लगाए जा रहे थे लेकिन अब यह सीमित संख्‍या में होगी। दुनिया भर में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए सऊदी अरब ने फरवरी महीने में मक्का में आने वाले ‘उमरा’ यात्रा पर रोक लगा दी थी। यह फैसला पवित्र शहर मक्का और मदीना में कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए उठाया गया था। हालांकि यह यात्रा पूरे साल की जा सकती है।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Saudi Arabia, Hold, 'Very Limited', Hajj, This Year, Due To Coronavirus
OUTLOOK 23 June, 2020
Advertisement