Advertisement
19 April 2019

लीबिया की राजधानी में फंसे 500 से अधिक भारतीय, सुषमा स्वराज ने फौरन वहां से निकलने को कहा

लीबिया में सत्ता संघर्ष की वजह से वहां के हालात बदतर हो गए हैं। लीबिया की राजधानी त्रिपोली में हिंसा जारी रहने के बीच भारत सरकार ने यहां फंसे भारतीयों को तुरंत इलाके से निकलने की सलाह दी है।

शुक्रवार को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा कि 500 से ज्यादा भारतीय लीबिया की राजधानी त्रिपोली में फंसे हुए हैं। उन्होंने सुझाव दिया है कि वे फौरन शहर छोड़ दें। मंत्री ने कहा कि लीबियाई राजधानी में फंसे हुए भारतीय यदि फौरन नहीं निकलते हैं तो बाद में उन्हें वहां से निकलना मुमकिन नहीं हो पायेगा। 

सुषमा स्वराज ने ट्वीट कर कहा, ‘‘लीबिया से बड़ी संख्या में लोगों के जाने और यात्रा प्रतिबंध के बाद भी, त्रिपोली में 500 से ज्यादा भारतीय नागरिक हैं। त्रिपोली में परिस्थितियां तेजी से बिगड़ रही हैं। वर्तमान में उड़ानों का संचालन हो रहा है।’’  उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर कहा, ‘‘कृपया अपने रिश्तेदारों और दोस्तों को तुरंत त्रिपोली छोड़ने के लिए कहें। हम बाद में उन्हें वहां से नहीं निकल पाएंगे।’’

Advertisement

हिंसा में त्रिपोली में 200 से अधिक लोग मारे गए

संयुक्त राष्ट्र समर्थित प्रधानमंत्री फायेज अल-सराज को सत्ता से बेदखल करने के लिए लीबियाई सेना के कमांडर खलीफा हफ्तार के सैनिकों ने हमला किया था। इस दौरान पिछले दो हफ्तों में हिंसा में त्रिपोली में 200 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। इसके अलावा कम से कम 913 लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं।

गृहयुद्ध के हालात

मंगलवार देर रात लीबिया में त्रिपोली के घनी जनसंख्या वाले क्षेत्रों में गोले दागे गए थे, जिससे त्रिपोली मे मरने वालों की तादात बढ़ी है। लीबिया की राजधानी त्रिपोली में हालिया संघर्ष 4 अप्रैल को शुरू हुआ था। इस संघर्ष से साल 2011 में हुए विद्रोह के स्तर पर गृहयुद्ध छिड़ने की संभावनाएं दिखने लगी हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Sushma swaraj, urges, Indians, Tripoli, leave immediately
OUTLOOK 19 April, 2019
Advertisement