Advertisement
23 May 2016

थाईलैंड: स्कूल के छात्रावास में आग लगने से 18 छात्राओं की मौत

facebook

थाईलैंड के चियांग राय प्रांत स्थित विथक्किआर्ट वित्थया स्कूल की दोमंजिला इमारत में कल रविवार की देर रात आग लग जाने की वजह से 18 लड़कियों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में जिन लड़कियों की मौत हुई है उनकी उम्र पांच से 12 साल के बीच है। इस छात्रावास में 38 छात्राएं रह रही थीं। जिस समय आग लगी उस समय इनमें से अधिकतर लड़कियां सो रही थीं जिस वजह से वे आग से बचकर भाग नहीं पाईं। ये लड़कियां चियांग राय और चियांग माय के पहाड़ी इलाकों में स्थित गांवों में रहने वाले आदिवासी समुदायों से आती हैं। ये शहर में पढ़ने के लिए आई थीं।

 

अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के बाद कुछ ही बच्चियों को बचाया जा सका जबकि बाकी अंदर ही फंसी रहीं। न्यूज चैनल 3 की खबर के अनुसार, अधिकतर पीडि़त इतनी अधिक जल गई थीं कि उनकी पहचान भी नहीं की जा सकी। बचावकर्मियों ने कल देर रात और आज सुबह मलबे को उठाया। द नेशन की खबर के अनुसार, चियांग राय के प्रमुख आपदा शमन अधिकारी सावांग मोमदी ने कहा कि आपदा शमन अधिकारियों, बचावकर्मियों और पुलिस ने इस छात्रावास को पूरी तरह छान डाला ताकि दो लापता लड़कियों का पता लगाया जा सके। दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में तीन घंटे लगे। उन्होंने लकड़ी की इस इमारत की दूसरी मंजिल की खिड़की से जीवित लड़कियों को और शवों को निकाला।

Advertisement

 

पीडि़ताओं के शवों को पहचान के लिए अस्पताल भेजा गया। वैज्ञानिक अपराध पहचान विभाग के अधिकारी आग के कारण की जांच कर रहे हैं। थाइलैंड को पहाड़ों पर रहने वाले आदिवासी समुदायों का घर माना जाता है। ये समुदाय मुख्यत: लाओस और म्यांमार की सीमा से सटे सुदूर उत्तरी इलाके में रहते हैं। इस देश में स्वास्थ्य और सुरक्षा के मानक संतोषजनक नहीं हैं जिनके कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: उत्तरी थाइलैंड, पहाड़ी आदिवासी, निजी स्कूल, छात्रावास, आग, हादसा, मौत, दुर्घटना, चियांग राय प्रांत, विथक्किआर्ट वित्थया स्कूल
OUTLOOK 23 May, 2016
Advertisement