Advertisement
20 December 2017

पाक में चुनाव लड़ सकता है मुंबई हमलों का गुनहगार, अमेरिका चिंतित

पाक में चुनाव लड़ सकता है मुंबई हमलों का गुनहगार, अमेरिका चिंतित

2008 के मुंबई हमलों का मास्टरमाइंड आतंकी सरगना हाफिज सईद पाकिस्तान में नए साल में होने वाले आम चुनावों में हिस्सा ले सकता है। अमेरिका ने इस पर चिंता जताई है। जमात-उद-दावा प्रमुख और लश्कर-ए-तैयबा संस्थापक सईद ने पिछले दिनों कहा था कि उसका संगठन पाकिस्तान में 2018 में होने वाले आम चुनावों में मिल्लि मुस्लिम लीग के बैनर तले चुनाव लड़ेगा। हालांकि मिल्लि मुस्लिम लीग अभी तक निर्वाचन आयोग के तहत पंजीकृत नहीं हुआ है।

आतंकवादी गतिविधियों में संलिप्तता के लिए अमेरिका ने सईद पर एक करोड़ डॉलर का इनाम रखा है। महीनों की नजरबंदी के बाद पाकिस्तान ने 24 नवंबर को उसे रिहा कर दिया था। संयुक्त राष्ट्र और अमेरिका दोनों ने उसे आतंकवादी घोषित कर रखा है।

अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता हीथर नोर्ट ने कहा, नजरबंदी से सईद की रिहाई पर अमेरिका ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। वह मुंबई हमलों का मास्टरमाइंड और लश्कर का नेता है। उन्होंने कहा कि यह ऐसा समूह है जिसे अमेरिकी सरकार आतंकवादी संगठन मानती है। हमारी पाकिस्तान सरकार के साथ कई बार बातचीत हुई है। हाल में वह नजरंबद किया गया था। नरजबंदी से रिहा किए जाने के बाद अब सूचना मिल रही है कि वह किसी बड़े पद के लिए चुनाव लड़ेगा। हम उसके चुनाव लड़ने को लेकर चिंतित हैं। 

TAGS: अमेरिका, पाक, सईद, मुंबई हमला, लश्कर, मिल्लि मुस्लिम लीग, US, Pak, Saeed, Mumbai attack, Lashkar, Milli Muslim League
OUTLOOK 20 December, 2017
Advertisement