Advertisement
21 June 2018

न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री ने दिया बेटी को जन्म, PM रहते मां बनने वाली दूसरी महिला बनीं जेसिंडा

Instagram

न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न ने गुरुवार यानी आज एक बच्ची को जन्म दिया। वे प्रधानमंत्री रहते हुए मां बनने वाली दुनिया की दूसरी महिला बन गईं हैं। इससे पहले बेनजीर भुट्टो ने 1990 में पाकिस्तान की प्रधानमंत्री रहते हुए बेटी बख्तावर को जन्म दिया था। जेसिंडा और उनके पति क्लार्क गेफोर्ड की यह पहली संतान है। 

जेसिंडा अर्डर्न ने इंस्टाग्राम पर बताया कि उन्होंने एक बच्ची को जन्म दिया है, जिसका वजन 3.31 किलोग्राम है। शुभकामनाओं के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। उन्होंने जनवरी में सोशल मीडिया पर बताया था कि वो मां बनने वाली हैं। उस वक्त बख्तावर भुट्टो ने ट्वीट कर अर्डर्न को बधाई भी दी थी। अर्डर्न ने अक्टूबर 2017 में न्यूजीलैंड की 40वीं प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली थी।

अक्टूबर 2017 में बनी थीं प्रधानमंत्री

Advertisement

जेसिंडा ने पिछले साल अक्टूबर में न्‍यूजीलैंड की प्रधानमंत्री का पद संभाला था और वह उस वक्त सुर्खियों में आ गईं थीं, जब चुनाव से पहले उन्‍होंने परिवार शुरू करने को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा था कि गर्भावस्था का किसी भी महिला के करियर की संभावनाओं से कोई संबंध नहीं है।

खुद दी थी प्रेग्नेंट होने की सूचना

जेसिंडा ने खुद अपने साथी क्लार्क गेफोर्ड के साथ अपने गर्भवती होने की खबर दी थी। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, 'क्लार्क और मैं यह साझा करते हुए बेहद उत्साहित हैं कि जून में हम अपने पहले बच्चे का स्वागत करने के लिए तैयार हैं।'

उन्‍होंने कहा कि वह बच्चे के जन्म के बाद छह सप्‍ताह का अवकाश लेंगी और उप-प्रधानमंत्री विंस्टर पीटर्स उनकी जगह कार्यभार संभालेंगे।

चुनाव प्रचार के दौरान हुआ था बिलावल भुट्टो का जन्म

बेनजीर भुट्टो 1988 में 35 साल की उम्र में पाकिस्तान की प्रधानमंत्री बनी थीं। उन्होंने जनवरी 1990 में बख्तावर भुट्टो को जन्म दिया था। इससे पहले उन्होंने 1988 में चुनाव प्रचार के दौरान बेटे बिलावल भुट्टो को जन्म दिया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: What's common, between, New Zealand, PM, late Benazir Bhutto
OUTLOOK 21 June, 2018
Advertisement