Advertisement
17 March 2017

'शहरी भारत में कामकाजी महिलाओं की अब भी है कमी'

google

संयुक्त राष्‍ट्र राजदूत के उप स्थायी प्रतिनिधि तनमय लाल ने कहा कि अनुमानित तौर करीब 12 करोड़ भारतीय महिलाएं ग्रामीण क्षेत्र में कार्यरत हैं जो कि कुल महिला कार्यबल का 80 प्रतिशत हिस्सा है। यह ग्रामीण क्षेत्रों में कुल कामगारों का तकरीबन 30 प्रतिशत है।

यूएन कमीशन ऑन स्टेटस ऑफ वूमेन के सत्र को संबोधित करते हुए लाल ने कहा कि शहरी भारत में महिला कामगारों की भागीदारी दर काफी कम है और इसमें सुधार की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाने के लिए कई अहम कदमों को लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दुनिया में महिला अधिकारों को व्यापक मान्यता मिली और कार्यान्वयन किया गया जबकि उनके प्रभावी सशक्तिकरण को लेकर अब भी काफी चुनौतियां हैं।

Advertisement

लाल ने रेखांकित किया कि भारत टिकउ विकास को हासिल करने के लिए महिलाओं का उच्चतर स्तर पर सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।

लाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस संदेश को उद्धृत किया कि महिलाओं का बहु कार्य कौशल ही उनकी शक्ति है। लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा है कि महिलाओं के सशक्तिकरण के बिना मानवता का विकास अधूरा है और मुद्दा महिलाओं का विकास नहीं रहेगा बल्कि महिलाओं की अगुवाई में विकास होगा।

लाल ने सत्र को बताया कि भारत में इंदिरा गांधी से लेकर प्रतिभा पाटिल तक महिलायें राष्‍ट्र और शासन प्रमुख रह चुकी हैं।

देश के कई राज्यों में महिलाओं ने मुख्यमंत्री के तौर पर सेवा दी है जबकि सुमित्रा महाजन संसद के निचले सदन की मौजूदा अध्यक्ष हैं।

उन्होंने कहा कि भारत में बड़ी संख्या में महिलाएं जमीनी स्तर पर राजनीतिक नेत्रियों और कार्यकर्ताओं के तौर पर सक्रिय हैं। भाषा

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: महिला, कार्यबल, संयुक्‍त राष्‍ट्र, शासन, woman, work force, administration, united nation
OUTLOOK 17 March, 2017
Advertisement