Advertisement
22 April 2016

पाकिस्तान के सबसे अमीर नेताओं में नवाज शरीफ भी शामिल

पाकिस्तान के सबसे अमीर नेताओं में नवाज शरीफ भी शामिल | google

पाकिस्तान के चुनाव आयोग ने गुरुवार को 2015 के लिए प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की संपत्ति का ब्योरा जारी किया, जिसके बारे में उन्होंने कानून के मुताबिक चुनाव संस्था को सूचित किया था। शरीफ और उनकी पत्नी की संपत्ति की कीमत करीब दो अरब रूपये है। पिछले चार साल में उनकी संपत्ति में एक अरब रूपये से अधिक का इजाफा हुआ है। हालांकि, विदेश में उनकी कोई संपत्ति नहीं है। 2011 में उनकी संपत्ति की कीमत 16.6 करोड़ रूपये थी और 2012 में यह बढ़कर 26.16 करोड़ रूपये हो गई, जबकि 2013 में 1.82 अरब रूपये की संपत्ति के साथ उन्हें अरबपति घोषित किया गया। चुनाव आयोग ने बताया कि शरीफ को 2015 में उनके बेटे हुसैन नवाज से 21.5 करोड़ रूपये से अधिक की राशि प्राप्त हुई थी। इससे पहले उनके बेटे ने 2014 और 2013 में उन्हें क्रमश: 23.9 करोड़ रूपये और 19.75 करोड़ रूपये की राशि भेजी थी।

 

शरीफ अब देश की कौमी असेंबली के गिने चुने अरबपतियों में शामिल हो गए हैं। अन्य अरबपतियों में पेट्रोलियम मंत्री शाहिद खाकान अब्बासी और खैबर पख्तुनख्वा के सांसद खयाल जमां और साजिद हुसैन तूरी शामिल हैं। डॉन अखबार के अनुसार, शरीफ के पास किसी अज्ञात शख्स से तोहफे में मिली टोयोटा लैंड क्रूजर कार है। इसके अलावा, उनके पास दो मर्सिडीज गाडि़यां भी हैं। जिस घर में वह रहते हैं वह उनकी मां का है। उनके पास कई विदेशी और स्थानीय मुद्रा खाते, खेती की विशाल जमीन है और उन्होंने चीनी, कपड़ा एवं पेपर मिल जैसी औद्योगिक इकाइयों में निवेश किया हुआ है। पहली बार उन्होंने खुद को करीब 20 लाख रूपये की कीमत के पक्षियों और पशुओं का मालिक घोषित किया है। उनकी पत्नी कुलसूम नवाज के पास भी जमीन है। पनामा पेपर्स लीक को लेकर जारी विवाद के बीच शरीफ की संपत्ति का यह ब्योरा जारी हुआ है।

Advertisement

 

पनामा पेपर्स में दुनिया भर के करीब 140 नेताओं के विदेशी कंपनियों में कथित निवेश का खुलासा किया गया है। पनाम पेपर्स में विदेशी कंपनी में निवेश करने वालों में शरीफ के तीन संतानों का नाम शामिल है। शरीफ के दो बेटे हसन और हुसैन विदेश में रहते हैं और माना जाता है कि वह अपने दम पर अरबपति बने। शरीफ के दामाद, सेवानिवृत्त कप्तान मोहम्मद सफदर के पास महज एक संपत्ति और उनकी पत्नी और शरीफ की बेटी मरियम सफदर के पास 550 ग्राम के जेवरात हैं। शरीफ के परिवार से अन्य अमीर शख्स में पंजाब के मुख्यमंत्री शाहबाज शरीफ के बेटे और उनके भतीजे हमजा शहबाज का नाम शामिल है। हमजा के पास 34.26 करोड़ रूपये की दौलत है।

 

TAGS: पनामा पेपर्स लीक, विवाद, पाकिस्तान, वजीरे आजम, नवाज शरीफ, निजी संपत्ति, सबसे दौलतमंद नेता, इजाफा, पेट्रोलियम मंत्री, शाहिद खाकान अब्बासी, खैबर पख्तुनख्वा, खयाल जमां, साजिद हुसैन तूरी, डॉन अखबार, शाहबाज शरीफ, हुसैन नवाज, मरियम सफदर
OUTLOOK 22 April, 2016
Advertisement