Advertisement
07 March 2017

श्रीलंकाई नौसेना ने मछुआरे की गोली मार कर हत्या की, मछुआरों ने किया प्रदर्शन

google

 श्रीलंकाई नौसैनिकों ने सोमवार को 22 वर्षीय एक भारतीय मछुआरे को कथित तौर पर उस समय गोली मारी थी जब वह कच्चाथीवू से कुछ दूरी पर एक मशीनीकृत नौका से मछली पकड़ रहा था।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एदापड्डी के पलानीस्वामी ने श्रीलंकाई नौसैनिकों द्वारा एक भारतीय मछुआरे को कथित रूप से गोली मारे जाने की घटना की निंदा की और मारे गए मछुआरे के परिवार को पांच लाख रूपये का मुआवजा देने की घोषणा की।

रामेश्वरम मछुआरा संघ के अध्यक्ष एस अमीरात ने बताया कि एक केन्द्रीय मंत्री के आने और ऐसी घटना दोबारा नहीं होने का आश्वासन मिलने तक प्रदर्शनकारी मछुआरों ने पीड़ित मछुआरे का शव लेने से इंकार कर दिया। उन्होंने बताया कि मछुआरों ने इस घटना में शामिल श्रीलंकाई नौसेनाकर्मी की गिरफ्तारी की भी मांग की।

Advertisement

मछुआरों ने आरोप लगाया कि पाक जलडमरूमध्य में मछली पकड़ने के मुद्दे पर श्रीलंका और भारतीय अधिकारियों के बीच कोई उचित तालमेल नहीं है। उन्होंने श्रीलंकाई नौसेना द्वारा गिरफ्तार किए गए सभी भारतीय मछुआरों को रिहा करने और जब्त की गयी नौका वापस करने की भी मांग की। स्थिति पर नजर रखने के लिए द्वीप पर पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।

गौरतलब है कि मत्स्य पालन विभाग के सहायक निदेशक कुलनचिनथान ने कहा था कि पीड़ित ब्रिडगो के गर्दन में गोली लगी थी और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई थी। उन्होंने बताया था कि गोलीबारी में एक अन्य मछुआरा श्रवणन (22) भी घायल हो गया था जबकि घटनास्थल पर मौजूद अन्य लोग बाल-बाल बच गए थे और समुद्र तट पर लौट आए थे। भाषा

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: श्रीलंकाई नौसेना, मछुआरे की हत्या, मछुआरों का प्रदर्शन
OUTLOOK 07 March, 2017
Advertisement