Advertisement

महाराष्ट्र में चुनाव के बाद घमासान, 22 भाजपा उम्मीदवारों ने क्यों की नवनीत राणा को निकालने की मांग

महाराष्ट्र में हुए निकाय चुनावों में भाजपा ने एक बार सिद्ध किया कि प्रदेश में उनका रुतबा बढ़ा है।...
महाराष्ट्र में चुनाव के बाद घमासान, 22 भाजपा उम्मीदवारों ने क्यों की नवनीत राणा को निकालने की मांग

महाराष्ट्र में हुए निकाय चुनावों में भाजपा ने एक बार सिद्ध किया कि प्रदेश में उनका रुतबा बढ़ा है। हालांकि, इस बीच एक मामले ने हल्की सी सियासी गर्माहट बढ़ा दी है। दरअसल, अमरावती नगर निगम चुनाव में हाल ही में संपन्न हुए भाजपा के 22 उम्मीदवारों ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर पूर्व सांसद नवनीत राणा को पार्टी के खिलाफ कथित तौर पर प्रचार करने के आरोप में निष्कासित करने की मांग की है।

22 शिकायतकर्ताओं में से केवल दो ने 15 जनवरी को हुए नगर निगम चुनावों में जीत हासिल की, जबकि 20 को हार का सामना करना पड़ा।

उन्होंने दावा किया कि अमरावती की पूर्व लोकसभा सांसद नवनीत राणा ने भगवा पार्टी के उम्मीदवारों को आक्रामक रूप से "नकली" करार दिया और अपने पति रवि राणा की युवा स्वाभिमान पार्टी के उम्मीदवारों को "असली भाजपा उम्मीदवार" के रूप में बढ़ावा दिया।

नगर निगम चुनावों से पहले, भाजपा और विधायक रवि राणा की युवा स्वाभिमान पार्टी ने अपना गठबंधन तोड़ दिया था। हालांकि, एक स्थानीय भाजपा नेता ने कहा था कि नवनीत राणा भगवा पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करना जारी रखेंगी।

अमरावती नगर निगम के 87 सदस्यों में से भाजपा ने 25 सीटें, युवा स्वाभिमान पार्टी और कांग्रेस ने 15-15 सीटें, एआईएमआईएम ने 12, एनसीपी ने 11, शिवसेना और बसपा ने 3-3 सीटें, शिवसेना (यूबीटी) ने 2 सीटें और वंचित बहुजन अघाड़ी ने 1 सीट जीती।

पिछले चुनाव में भाजपा ने 45 सीटें जीती थीं और युवा स्वाभिमान पार्टी को 3 सीटें मिली थीं।

भाजपा के 20 उम्मीदवारों की हार से आहत होकर, हारने वाले और जीतने वाले दोनों उम्मीदवारों ने शनिवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि उनकी हार जनता के कारण नहीं बल्कि नवनीत राणा के कारण हुई है।

उन्होंने कहा, "हम समर्पित और मेहनती पार्टी कार्यकर्ता हैं, जो समाज से जुड़े हुए हैं। लेकिन इस चुनाव में हमारी हार विपक्ष की वजह से नहीं, बल्कि वरिष्ठ भाजपा नेता नवनीत राणा द्वारा पार्टी के खिलाफ खुलेआम प्रचार करने की वजह से हुई है।"

उन्होंने मांग की है कि नवनीत राणा को भाजपा से निष्कासित किया जाए और आरोप लगाया है कि अगर उन्हें बाहर का रास्ता नहीं दिखाया गया तो वह भविष्य में अमरावती शहर में पार्टी की उपस्थिति को नष्ट कर देंगी।

इस मामले पर अभी तक पूर्व सांसद की कोई भी प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad