Advertisement
08 July 2020

विकास दुबे का करीबी अमर दुबे पुलिस मुठभेड़ में मारा गया, कानपुर केस में था शामिल

ट्विटर

कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद से फरार चल रहे गैंगस्टर विकास दुबे के मामले में उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (यूपी एसटीएफ) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने विकास दुबे के साथी अमर दुबे को एनकाउंटर में मार गिराया है। बताया जा रहा है कि बुधवार तड़के पुलिस से छिपकर भाग रहे अमर दुबे ने पुलिस पर फायरिंग की जिसके बाद पुलिस ने उसे हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में मार गिराया। बता दें कि अमर दुबे विकास का काफी करीबी माना जाता है, वह बिकरू गांव में पुलिसकर्मियों की हत्या में भी शामिल था।

बता दें कि विकास दुबे तब से फरार है जब उसे पकड़ने के लिए गए पुलिसकर्मियों पर घात लगाकर उसने करीब आठ पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी। इस हमले के बाद पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर में 21 लोगों का नाम शामिल है, जिसमें करीब 50 से 60 अज्ञात लोगों का भी उल्लेख किया गया है।

घटना के दिन पुलिस पर कर रहा था फायरिंग

Advertisement

बताया जा रहा है कि 2 जुलाई की रात को जब विकास दुबे के घर पर पुलिस दबिश देने गई थी तो अमर दुबे भी वहां मौजूद था। पुलिसवालों पर फायरिंग करने में और उनकी जान लेने में वह भी शामिल था। घटना के बाद से अमर विकास के साथ ही भाग निकला था। अमर विकास के सबसे खास लोगों में से एक था।मोस्टवांटेड विकास दुबे की तलाश में जुटी एसटीएफ और पुलिस टीम ने हमीरपुर के मौदहा में बुधवार सुबह मोस्टवांटेड विकास के करीबी साथी अमर दुबे की घेराबंदी कर ली थी।

8 पुलिसकर्मियों के मौत के बाद कानपुर पुलिस ने 15 अपराधियों की तस्वीरें जारी की, जो गैंगस्टर विकास दुबे के करीबी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इन कथित अपराधियों की तस्वीरों वाले जगह-जगह पोस्टर भी लगाए हैं, जिनमें उनकी गिरफ्तारी के लिए 25,000 रुपये का इनाम भी रखा गया है। वहीं, गैंगस्टर विकास दुबे पर पुलिस ने 2.50 लाख रुपये का इनाम रखा है।

बता दें कि कानपुर एनकाउंटर के बाद से फरार चल रहे विकास दुबे को पकड़ने के लिए पुलिस ने जगह-जगह टोल प्लाजा पर पोस्टर भी लगाए हैं, जिनमें उन्नाव, कानपुर नगर, औरैया, फतेहपुर और भारत-नेपाल सीमा के पास के इलाके शामिल हैं। विकास दुबे को सीमावर्ती नेपाल में भागने से रोकने के लिए लखीमपुर खीरी, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बहराइच और गोरखपुर में पुलिस ने अलर्ट जारी किया।

ये भी पढ़ें-  शहीद डीएसपी के कथित पत्र पर पुलिस बोली, कोई रिकॉर्ड नहीं; थानाध्यक्ष तिवारी का विकास दुबे से संबंध का है आरोप

 

गैंगस्टर को पकड़ने गई थी पुलिस, मुठभेड़ में 8 पुलिसकर्मी शहीद हुए

कानपुर देहात के बिकरू गांव में में पुलिस गैंगस्टर विकास दुबे को पकड़ने गई थी। लेकिन विकास को इसकी सूचना पहले से लग गई। विकास और उसके साथी पहले से तैनात हो गए। जैसे ही पुलिस विकास के घर पहुंची। विकास और उसके आसपास के घरों से फायरिंग शुरू हो गई। इसमें सीओ समेत 8 पुलिसकर्मी शहीद हो गए। इस दौरान हमलावर पुलिस के हथियार भी लूट ले गए।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Gangster, Vikas Dubey, Close Aide, Involved, Killing, 8 Cops, Killed, Encounter, गैंगस्टर विकास दुबे, करीबी, अमर दुबे, पुलिस मुठभेड़, मारा गया, कानपुर केस
OUTLOOK 08 July, 2020
Advertisement