Advertisement
26 September 2016

सीरिया में बर्बरता कर रहा है रूसः अमेरिका

गूगल

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपात बैठक में यह मांग की गई थी कि रूस अपने सहयोगी यानी सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल-असद पर लगाम लगाए और भीषण हवाई हमले रोक दे। रूस और सीरिया पर बार-बार युद्ध अपराधों के आरोप लगते रहे हैं।

अमेरिकी राजदूत समांथा पावर ने रविवार के सत्र में कहा, जो काम रूस कर रहा है या जिसे वह बढ़ावा दे रहा है, वह आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई नहीं है। यह बर्बरता है। गुरुवार को सेना ने विद्रोहियों के कब्जे वाले पूर्वी अलेप्पो को वापस अपने अधिकार में लेने के लिए एक अभियान शुरू किया था। इसके बाद इस क्षेत्र के आवासीय इलाकों में बंकर उड़ा देने वाले बम गिराए गए और आधुनिक हथियारों का इस्तेमाल किया गया। इस दौरान लगभग 124 लोग मारे गए, जिनमें अधिकतर आम नागरिक थे।

ब्रिटेन के राजदूत मैथ्यू रेक्रौफ्ट ने कहा, यह इंकार करना मुश्किल है कि रूस युद्ध अपराधों को अंजाम देने के लिए सीरियाई शासन के साथ साझेदारी कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि उच्च प्रौद्योगिकी वाले हथियारों ने पहले से युद्ध की मार झेल रहे सीरियाई लोगों के लिए एक नए नरक की स्थिति पैदा कर दी।

Advertisement

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव बान की मून ने यह चेतावनी भी दी थी कि यदि नागरिकों के खिलाफ आधुनिक हथियारों का इस्तेमाल किया गया, तो उसे युद्ध अपराध माना जाएगा। फ्रांस के राजदूत फ्रांस्वा डेलातरे ने कहा कि अत्याचार करने वाले सजा से बचने नहीं चाहिए। सप्ताहांत पर अमेरिकी-रूसी संघर्ष विराम संधि को बचाने के लिए किए जा रहे राजनयिक प्रयासों के विफल हो जाने के बाद ब्रिटेन, फ्रांस और अमेरिका ने आपात वार्ताओं का आह्वान किया था। (एजेंसी)

TAGS: अमेरिका, रूस, सीरिया, अलेप्पो, बमबारी, बर्बरता, संयुक्त राष्ट्र, सुरक्षा परिषद, ब्रिटेन, असद
OUTLOOK 26 September, 2016
Advertisement