Advertisement

नया हो गया 2000 साल पुराना अशोक स्तूप

तिब्बती शहर नांगचेन में एक भारतीय भिक्षु ने 2000 साल पुराने एक स्तूप का जीर्णोद्धार कराया और धार्मिक अनुष्ठान के साथ इसे प्रतिष्ठित किया है। यह स्तूप भगवान बुद्ध की निशानी के रूप में बनाए गए 19 स्तूपों में से एक है जिन्हें सम्राट अशोक ने चीन भेजा था। यह स्तूप भारत से बौद्ध धर्म के चीन आगमन का प्रतीक है।
नया हो गया 2000 साल पुराना अशोक स्तूप

बुद्ध की विशाल स्वर्ण प्रतिमा के साथ नवीनीकृत स्तूप और अशोक स्तंभ को ग्यालवांग द्रुकपा द्वारा मंगलवार को तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र के नजदीक स्थित चीन के किंघाई प्रांत में प्रतिष्ठित किया गया। द्रुकपा लद्दाख में बौद्ध धर्म की द्रुकपा परंपरा के धार्मिक प्रमुख हैं।

इसके बारे में कहानी यह है कि ढाई हजार साल से अधिक समय पहले भगवान बुद्ध के अंतिम संस्कार के बाद बुद्ध के अनुयायियों ने खोपड़ी की एक हड्डी, कंधे की दो हड्डी, चार दांत और मोती जैसे 84000 अवशेष प्राप्त किए थे।

बौद्ध रेकॉर्ड के अनुसार अशोक ने शाक्यमुनि के इन सभी अवशेषों को एकत्र किया था और उन्हें पगोडा में रखा था। उसके बाद विश्व के विभिन्न हिस्सों में भेजा था।

चीन ने इनमें से नांगचेन सहित 19 स्तूप प्राप्त किए थे। लेकिन उनमें से अधिकतर प्राकृतिक प्रभाव और देखरेख न हो पाने के कारण ढह गए। इस तरह के तीन और स्तूप चीनी शहरों- शियान, नानजिंग और झुजिंयाग प्रांत के नजदीक आयुवांग में थे।

नांगचेन स्तूप तिब्बती क्षेत्र में पाया गया पहला स्तूप है। अशोक द्वारा चीन को भेजे गए 15 अन्य स्तूपों के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad