Advertisement

सबसे बड़ी प्रॉपर्टी डील, 750 करोड़ में बिका लिंकन हाउस

मुंबई के ब्रीच कैंडी में स्थित लिंकन हाउस को मशहूर उद्योगपति साइरस पूनावाला ने खरीद लिया है। 750 करोड़ रुपये में हुई इस डील को संपत्ति के क्षेत्र में देश का अब तक का सबसे बड़ा सौदा माना जा रहा है।
सबसे बड़ी प्रॉपर्टी डील, 750 करोड़ में बिका लिंकन हाउस

महानगर मुंबई के चर्चित लिंकन हाउस को पुणे के उद्योगपति साइरस पूनावाला ने खरीद लिया है। लिंकन हाउस को उन्होंने 750 करोड़ रुपये में खरीदा है। यह सौदा देश के वित्तीय राजधानी में जमीन-जायदाद के क्षेत्र में अबतक का सबसे बड़ा सौदा है। लिंकन हाउस का उपयोग अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के रूप में होता था।

दक्षिणी मुंबई के ब्रीच कैंडी में स्थित लिंकन हाउस का मालिकाना हक पुणे के सेरम इंस्टीट्यूट के अरबपति चेयरमैन ने खरीदा है। 1966 में स्थापित सेरम इंस्टीट्यूट आफ इंडिया सांप के काटने पर इलाज में काम आने वाली दवा का सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता है। एक सप्ताह पहले ही उद्योगपति कुमार मंगलम बिड़ला ने मालाबार हिल क्षेत्र में स्थित जटिया हाउस 425 करोड़ रपये में खरीदा था। उस समय इसे शहर के रीयल एस्टेट क्षेत्र का सबसे बड़ा सौदा माना गया था।

सूत्रों के अनुसार इस संपत्ति का उपयोग पूनावाला अपने परिवार के निवास के रूप में करना चाहते हैं।फिलहाल इस बारे में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास तथा पूनावाला दोनों से संपर्क नहीं हो पाया है।हालांकि संपत्ति के लिये अमेरिकी 850 करोड़ रपये की मांग कर रहे थे लेकिन उन्हें इतनी राशि नहीं मिली। ब्रीच कैंडी में दो एकड़ जमीन में फैले ग्रेड-तीन स्तर की संपत्ति का निर्माण क्षेत्र करीब 50,000 वर्ग फुट है।

लिंकन हाउस को पहले वांकानेर हाउस के रूप में जाना जाता था जो कि वांकानेर महाराजा प्रतापसिंह जी वांकानेर का महल था। इसे 1957 में अमेरिका को लीज पर दे दिया गया था और नाम बदलकर लिंकन हाउस कर दिया गया था। इसमें अमेरिका ने अपना वाणिज्य दूतावास बनाया था।

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad