भारत सरकार की नीतियों के खिलाफ सेंट्रल ट्रेड यूनियन द्वारा बुलाए गए दो दिन के भारत बंद का आज दूसरा दिन है। सोमवार को भारत बंद के कारण कुछ इलाकों में लोगों को खासा परेशानी हुई और सार्वजानिक क्षेत्र के कई बैंकों में कामकाज ठप रहा। वहीं आज भी लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
दो दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल के पहले दिन पश्चिम बंगाल, केरल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में सोमवार को सार्वजानिक क्षेत्र के कई बैंकों में कामकाज प्रभावित रहे। साथ ही, सार्वजनिक परिवहन सेवाएं ठप रही। वहीं आज भी बैंक बंद रहने वाले हैं।
हड़ताल के पहले दिन सरकारी बसों के सड़कों से दूर रहने के कारण आम नागरिकों को खासी मशक्कत करनी पड़। दिल्ली से सटे हरियाणा व पंजाब में परिवहन और बैंक सेवाओं पर खासा प्रभाव देखने को मिला और लोगों के काम अटके रहे। हड़ताल के दूसरे दिन भी सार्वजनिक कामकाज के ठप रहने का अनुमान है।
10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के अलावा, स्वतंत्र क्षेत्रीय संघ और श्रमिक संघ भी विरोध का हिस्सा हैं। ट्रेड यूनियनों ने कहा कि मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ के कोयला खनन क्षेत्रों के श्रमिकों ने भी विरोध प्रदर्शन में भाग लिया। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के अनुसार, उन्हें बैंकिंग परिवहन, कोयला, इस्पात, तेल, दूरसंचार, डाक व आयकर विभाग के कर्मचारियों का सहयोग प्राप्त है। गौरतलब है कि एसबीआई के कर्मचारी संघ ने भी इस हड़ताल का समर्थन किया है।
बता दें कि श्रमिकों, किसानों और लोगों को प्रभावित करने वाली सरकारी नीतियों के विरोध में केंद्रीय ट्रेड यूनियनों ने एक संयुक्त मंच ने 28 और 29 मार्च को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया था। बीजेपी के पांच में से चार राज्यों के विधानसभा चुनाव जीतने के बाद ये पहली ऐसी हड़ताल है।