असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता गौरव गोगोई की ब्रिटिश नागरिक पत्नी पाकिस्तानी जलवायु लॉबी की ओर से विभिन्न खुफिया दस्तावेज एकत्र कर रही थीं।
हालांकि, पाकिस्तानी प्रतिष्ठान के साथ अपने कथित संबंधों के दावों को खारिज करते हुए असम कांग्रेस के नवनियुक्त प्रमुख गौरव गोगोई ने कहा कि वह 12 साल पहले सिर्फ एक बार पाकिस्तान गए थे और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस मुद्दे को एक ‘‘सी-ग्रेड बॉलीवुड फिल्म’’ की तरह उठा रही है जो ‘‘बुरी तरह फ्लॉप’’ होने वाली है।
शर्मा ने कहा कि वह जलवायु लॉबी के लिए काम करती हैं और पाकिस्तान के साथ उनके घनिष्ठ संबंध थे।
गोगोई के बारे में बात करते हुए शर्मा ने आरोप लगाया, ‘‘वह एक पाकिस्तानी एजेंट हैं। उनका पूरा रिश्ता पाकिस्तानी प्रतिष्ठान के साथ था... उन्होंने 2017-18 तक यह संबंध बनाए रखा।’’