Advertisement

दिल्ली के शेल्टर होम से 9 लड़कियां गायब, डिप्टी सीएम ने दिया अधिकारियों के निलंबन का आदेश

दिल्ली के शेल्टर होम से 9 लड़कियों के गायब होने का मामला सामने आया है। इनमें से आठ की उम्र 18 से 20 साल की...
दिल्ली के शेल्टर होम से 9 लड़कियां गायब, डिप्टी सीएम ने दिया अधिकारियों के निलंबन का आदेश

दिल्ली के शेल्टर होम से 9 लड़कियों के गायब होने का मामला सामने आया है। इनमें से आठ की उम्र 18 से 20 साल की बताई जा रही है, जबकि एक नाबालिग है। मामला उत्‍तर-पूर्वी दिल्‍ली के दिलशाद गार्डन स्थित एक शेल्‍टर होम का है। यहां शनिवार से ही ये लड़कियां लापता हैं, जिसका खुलासा रविवार को अटेंडेंस लेने के दौरान हुआ। जिसके बाद जीटीबी नगर थाने की पुलिस को जानकारी दी गई।

महिला आयोग ने उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को लिखा पत्र

इस मामले को लेकर दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को सोमवार को पत्र लिखा। पत्र के मुताबिक, दिलशाद गार्डन स्थित लड़कियों के शेल्टर होम ‘संस्कार आश्रम’ से 1 और 2 दिसंबर की रात को 9 लड़कियां गुम हो गईं।

इन लड़कियों के गायब होने का पता 2 दिसंबर की सुबह चला

स्वाति ने लिखा, ‘शेल्टर होम के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें पता नहीं कि कब और कैसे यह लड़कियां गायब हो गईं। उनके गायब होने का पता 2 दिसंबर की सुबह चला’।  उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस द्वारा इस संबंध में एफआईआर दर्ज की गई है और जांच चल रही है। उन्होंने आगे कहा कि इन 9 लड़कियों को द्वारका के शेल्टर होम से निकाल कर दिलशाद गार्डन के शेल्टर होम स्थानांतरित किया गया था।

इन लड़कियों को द्वारका के शेल्टर होम से यहां किया गया था शिफ्ट

दिल्ली महिला आयोग के मुताबिक इन 9 लड़कियों को बाल कल्याण समिति के आदेश पर 4 मई 2018 को द्वारका के एक शेल्टर होम से इस शेल्टर होम में शिफ्ट किया गया था। उन्होंने दावा किया है कि ये सभी मानव तस्करी और देह व्यापार की शिकार पीड़िताएं थीं।

महिला आयोग ने आश्रय गृह के अधिकारीयों पर लगाए गंभीर आरोप

इस मामले में महिला आयोग ने आश्रय गृह के अधिकारीयों पर गम्भीर आरोप लगाए हैं और उपमुख्यमंत्री को पत्र लिखा और जिम्मेदार अफसरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। इस पत्र पर कार्रवाई करते हुए मनीष सिसोदिया ने दिल्ली के मुख्य सचिव को जिलाधिकारी और शेल्टर होम के अधीक्षक को तुरंत प्रभाव से निलंबित करने का निर्देश दिया है।

आश्रम के कर्मचारियों से पूछताछ कर मामले की जांच जारी है: पुलिस उपायुक्त

पुलिस उपायुक्त मेघना यादव का कहना है कि संस्कार आश्रम के कर्मचारियों से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है। इसके अलावा पुलिस आश्रम के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है। इस बीच दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति ने आश्रम के अधिकारियों पर मिलीभगत कर लड़कियों को भगाने का आरोप लगाया है।

मुजफ्फरपुर में भी शेल्टर होम में लड़कियों के उत्पीड़न का मामला आया था सामने

इससे पहले बिहार के मुजफ्फरपुर में भी शेल्टर होम में लड़कियों के उत्पीड़न का मामला सामने आया था। टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंस, मुंबई (टीआईएसएस) ने अपने सोशल ऑडिट के आधार पर बिहार के मुजफ्फरपुर के साहू रोड स्थित बालिका गृह में नाबालिग लड़कियों के साथ कई महीने तक रेप और यौन शोषण होने का खुलासा किया था। मेडिकल जांच में शेल्टर होम की कम से कम 34 बच्चियों के साथ रेप की पुष्टि हुई थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad