Advertisement

पीएम मोदी की मां के निधन पर शोक की लहर, राहुल, शाह-राजनाथ, केसीआर समेत कई नेताओं ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी के निधन के बाद पूरा देश शोक में डूब गया है। सोशल मीडिया...
पीएम मोदी की मां के निधन पर शोक की लहर, राहुल, शाह-राजनाथ, केसीआर समेत कई नेताओं ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी के निधन के बाद पूरा देश शोक में डूब गया है। सोशल मीडिया पर जहां हजारों लोग दुख जता रहे हैं वहीं कई बड़े नेताओं की तरफ से प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राहुल गांधी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने ट्वीट कर दुख जताया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां के निधन पर शुक्रवार को गहरा शोक व्यक्त किया और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, ‘‘ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां हीरा बा का संघर्षपूर्ण जीवन भारतीय आदर्शों का प्रतीक है। श्री मोदी ने 'मातृदेवोभव' की भावना और हीरा बा के मूल्यों को अपने‌ जीवन में ढाला।’’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, ‘‘ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पूज्यनीय माताजी हीरा बा के निधन की खबर जानकर बहुत दुख हुआ। किसी व्यक्ति के जीवन में मां पहली मित्र और अध्यापक होती है, जिसका चले जाना निसंदेह दुनिया में सबसे बड़ा दुख है।’’ उन्होंने लिखा कि परिवार के पालन पोषण के लिए हीरा बा ने जिन संघर्षों का सामना किया, वह सभी के लिए एक आदर्श है।

गृह मंत्री ने कहा, ‘‘ उनका त्यागमय, तपस्वी का जीवन हमेशा हमारी स्मृतियों में रहेगा। पूरा राष्ट्र दुख की इस घड़ी में प्रधानमंत्री मोदी और उनके परिवार के साथ खड़ा है।’’

हीरा बा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मां का जाना जीवन में एक ऐसा शून्य पैदा कर देता है जिसे भरना असंभव है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की मां हीरा बा के निधन से मुझे बहुत दुख हुआ। मां का निधन जीवन में एक ऐसा शून्य पैदा कर देता है जिसे भरना असंभव है। मैं दुख की इस घड़ी में प्रधानमंत्री और उनके समस्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता हूं ।’’

श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि संघर्षों से भरे मुश्किल जीवन में हीराबेन ने अपने परिवार को ऐसे मूल्य दिए जिनसे देश को मोदी जैसा नेता मिला। उन्होंने कहा कि हीराबेन की सादगी और ममता से ओतप्रोत छवि हमेशा हम सब के मन में रहेगी।

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने हीरा बा के निधन पर शोक जताते हुए कहा, ‘‘हीरा बा जी का संघर्षपूर्ण व सात्विक जीवन सदैव प्रेरणा है, जिनके वात्सल्य व सत्यनिष्ठा से देश को यशस्वी नेतृत्व मिला। मां का जाना अपूरणीय क्षति है, इस रिक्तता की पूर्ति असंभव है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘सादगी, तपस्या और कर्म की त्रिवेणी मां के चरणों में सादर प्रणाम निवेदित करता हूं। ईश्वर प्रधानमंत्री व परिजनों को संबल प्रदान करें और पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें।’’

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री के दुख के साथ स्वयं को संबद्ध करते हुए एक ट्वीट में कहा ‘‘एक पुत्र के लिए माँ पूरी दुनिया होती है। माँ का निधन पुत्र के लिए असहनीय और अपूरणीय क्षति होती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पूज्य माता जी का निधन अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्री राम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें।’’

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के निधन पर शुक्रवार को शोक प्रकट किया तथा परिजनों के प्रति संवेदना जताई। सरसंघचालक मोहन भागवत एवं सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने अपने शोक संदेश में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की पूज्यनीय माता जी हीराबेन के निधन से एक तपस्वी जीवन पूर्ण हो गया। इस दु:खद प्रसंग पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के हम सभी स्वयंसेवक अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।’’

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट किया, ‘‘श्रीमती हीराबेन मोदी के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। नरेन्द्र मोदी जी के प्रति गहरी संवेदना है। दुख की इस घड़ी में पूरे परिवार के प्रति हमारी संवेदना है।’’

राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद मोदी जी की माताजी श्रीमती हीरा बा के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। इस मुश्किल समय में, मैं उन्हें और उनके परिजनों के लिए अपनी गहरी संवेदनाएं और प्यार व्यक्त करता हूं।’’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की माता जी के निधन का दुखद समाचार मिला। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान दें एवं मोदी जी और उनके परिवार के समस्त सदस्यों को पीड़ा के इन क्षणों में साहस दें। ओम शांति!’’

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी के निधन पर दुख जताया है। सीएम केसीआर ने प्रधानमंत्री और उनके परिवार के सदस्यों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की मां हीराबेन मोदी भगवान के श्रीचरणों में विलीन हो गई हैं। राष्ट्र आपके अपने परिवार की तरह इस शोक और दु:ख के क्षणों में आपके साथ खड़ा है। हम ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और आपको इस दुख को सहन करने व राष्ट्र की अथक सेवा जारी रखने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करते हैं।  उन्होंने कहा कि हीराबेन ने एक ऐसा जीवन व्यतीत किया जो मूल्यों, सदाचार और सादगी से भरा था जिन्होंने मोदी जी जैसे एक महान नेता के रूप में इस देश को आशीर्वाद दिया।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ‘‘भक्ति, तपस्या और कर्म की त्रिवेणी, नरेन्द्र मोदी जैसे महान व्यक्तित्व को गढ़ने वाली मां के चरणों में सादर प्रणाम। पूज्य मां सदैव प्रेरणा बनी रहेंगी।’’

भाजपा के संगठन महामंत्री बी एल संतोष ने कहा, ‘‘मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले और उनके बेटे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पूरे परिवार को यह दारुण दुख सहने की शक्ति मिले। इस खालीपन को भरना मुश्किल है।’’

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट किया, ‘‘माननीय प्रधानमंत्री जी को मातृ शोक का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। माँ का जाना जीवन से मुख्य आधार स्तंभ के ढह जाने जैसा होता है। एक ऐसी क्रिया, जिसकी शून्यता सदैव अनुभव होती है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस शोक की घड़ी में ईश्वर मोदी जी, उनके परिवारजनों को साहस और माता जी की आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे।’’

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि एक मां के जाने से जो जगह खाली हुई है उसे कभी भरा नहीं जा सकता। मान ने ट्वीट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता जी के निधन की दुखद खबर मिली... एक मां का जिंदगी से जाना जीवन की सबसे बड़ी, कभी ना पूरी होने वाली कमी है... दुख की इस घड़ी में प्रधानमंत्री जी और उनके पूरे परिवार के प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं... ईश्वर माता जी को अपने श्रीचरणों में स्थान दें...।’’.

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री की मां हीराबेन के निधन के बारे में जानकर उन्हें गहरा दुख हुआ है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने भी हीराबेन के निधन पर शोक व्यक्त किया। सिंह ने ट्वीट किया, ‘‘माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को उनकी प्यारी मां श्रीमती हीराबेन मोदी के निधन पर मेरी हार्दिक संवेदना। उनकी आत्मा को शांति मिले।’’

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि मोदी की मां के निधन के बारे में जानकर उन्हें गहरा दुख हुआ है। बादल ने ट्वीट किया, ‘‘ऐसा कुछ भी नहीं है जो मां को खोने के दुख को भर सके। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं मोदी जी और उनके परिवार के साथ हैं।’’पंजाब भाजपा प्रमुख अश्विनी शर्मा और हरियाणा भाजपा प्रमुख ओपी धनखड़ ने भी हीराबेन के निधन पर शोक व्यक्त किया। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शोक व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘किसी भी उम्र में मां का जाना, हमेशा ही बहुत दुखदायी होता है। इसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है...।’’

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला और कुमारी शैलजा ने भी प्रधानमंत्री की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया। सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ‘‘मां के दुखद निधन से हुई अपूरणीय क्षति पर मैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। पृथ्वी से बड़ी मां है। मां पूरी दुनिया अपने आंचल में समेटे हुए है।’’पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने ट्वीट किया, ‘‘श्री नरेंद्र मोदी जी को उनकी मां श्रीमती हीराबेन मोदी के निधन पर मेरी हार्दिक संवेदना। हम दुख और पीड़ा की इस घड़ी में प्रधानमंत्री के साथ खड़े हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।’’.

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट किया कि वह बाबा केदारनाथ से प्रार्थना करते हैं कि वह प्रधानमंत्री और उनके पूरे परिवार को उनकी मां के निधन के अपार दर्द को सहने की शक्ति दें। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए भी प्रार्थना की। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मां की वात्सल्य भरी छांव का हट जाना अपूरणीय क्षति है। तपस्या, समर्पण एवं सत्संकल्प से अपने पुत्र को सुसंस्कारों से सुपोषित कर एक कर्मयोगी का निर्माण करने वाली माँ के चरणों में कोटि-कोटि नमन। ओम शांति।’’.

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के निधन पर शुक्रवार को गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि हीराबेन सादगी और विनम्रता की प्रतीक थीं। उन्होंने कहा, ‘‘100 गौरवशाली वर्षों तक हीराबेन मां ने हम सभी को अपने स्नेह से आशीर्वाद दिया। वह सादगी, विनम्रता और दृढ़ विश्वास की प्रतीक थीं।’’उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मां, जिसके चरणों में संसार होता है। मां, जो हर बालक के निर्माण की पहली पाठशाला होती है। आदरणीया हीराबेन ने भारत माता को धर्म, राष्ट्र, समाज के उत्थान के लिए संकल्पित पुत्र समर्पित किया है।’

हीराबेन को स्वास्थ्य संबंधी कुछ परेशानियों के चलते बुधवार को सुबह अहमदाबाद के ‘यू एन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर’ में भर्ती कराया गया था।

अस्पताल ने अपने बुलेटिन में बताया कि हीराबेन मोदी का यू एन मेहता हार्ट हॉस्पिटल में इलाज के दौरान 30 दिसंबर 2012 को तड़के करीब साढ़े तीन बजे निधन हो गया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad