Advertisement

देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही बकरीद, पीएम मोदी-राष्ट्रपति मुर्मू समेत इन नेताओं ने दी मुबारकबाद

देशभर में गुरुवार सुबह से ही पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ ईद-उल-अजहा (बकरीद) मनाई जा रही है।...
देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही बकरीद, पीएम मोदी-राष्ट्रपति मुर्मू समेत इन नेताओं ने दी मुबारकबाद

देशभर में गुरुवार सुबह से ही पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ ईद-उल-अजहा (बकरीद) मनाई जा रही है। दिल्ली की बात करें तो बारिश के दौरान लोग नमाज़ पढ़ने और ईद मिलने के लिए बड़ी संख्या में जामा मस्जिद, फतेहपुरी मस्जिद सहित अन्य मस्जिदों में पहुंचे। लोग एक दूसरे के घरों में भी गए, अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी मिले और आपस में औपचारिक 'कुर्बानी' (मवेशी बलिदान) के बाद भोजन साझा किया।

ईद-उल-अजहा के अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई नेताओं ने मुबारकबाद दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार सुबह ट्वीट किया और लिखा, "ईद-उल-अज़हा की शुभकामनाएँ। यह दिन सभी के लिए सुख और समृद्धि लाए। यह हमारे समाज में एकजुटता और सद्भाव की भावना को भी कायम रखे। ईद मुबारक।"

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी देशवासियों को ईद की मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा, "ईद-उल-अजहा के अवसर पर, मैं सभी साथी नागरिकों, विशेष रूप से भारत और विदेशों में रहने वाले हमारे मुस्लिम भाइयों और बहनों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।" राष्ट्रपति मुर्मू ने सभी से समाज में भाईचारा और सद्भाव फैलाने की दिशा में काम करने का संकल्प लेने को भी कहा।

साथ ही कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और नेता राहुल गांधी ने भी देश के लोगों को ईद के अवसर पर बधाई दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा, "ईद मुबारक! यह शुभ अवसर सभी के लिए शांति, समृद्धि और खुशहाली लाए।" उधर, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने भी मुबारकबाद दी है।

केजरीवाल ने हिंदी में ट्वीट किया, "समस्त देशवासियों को ईद-उल-अज़हा की हार्दिक शुभकामनाएं। यह त्यौहार आपके जीवन में ढेर सारी प्रगति लेकर आये, आप सदैव सुखी, स्वस्थ एवं समृद्ध रहें।" वहीं, उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने लिखा, "कुर्बानी के त्योहार ईद-उल-अजहा की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं... यह त्योहार आपके जीवन में खुशियां, दिलों में प्यार और देश में शांति लाए।"

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया चामराजपेट के ईदगाह मैदान में सामूहिक प्रार्थना में शामिल हुए और उन्होंने कहा, "हम यहां लोगों के लिए शांति और सद्भाव के लिए प्रार्थना करने आए हैं। कुछ ताकतें हैं जो सांप्रदायिक तनाव और दुश्मनी पैदा करना चाहती हैं। हमें उन्हें महत्व नहीं देना है, हमें शांति के लिए काम करना होगा। "

बता दें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने पंजा शरीफ़ दरगाह, कश्मीरी गेट में नमाज़ अदा की तो वहीं, भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने बिहार के सुपौल में नमाज अदा की। उधर, डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी के प्रमुख गुलाम नबी आजाद ने दिल्ली में नमाज अदा की। 

ईद-उल-अजहा यानी बकरीद आज देशभर में मनाई जा रही है। इस्लामी मान्यता के अनुसार, पैगंबर हज़रत इब्राहिम अपने बेटे हज़रत इस्माइल को इसी दिन अल्लाह के हुक्म पर खुदा की राह में कुर्बान करने जा रहे थे, तो अल्लाह ने उनके बेटे इस्माइल को जीवनदान दे दिया। इसी की याद में यह त्योहार मनाया जाता है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad