Advertisement

दिल्ली: एलजी ने तिरंगा यात्रा को दिखाई हरी झंडी, ‘राष्ट्रीय ध्वज लाएं और इसे गर्व और सम्मान के साथ फहराएं’

दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने छात्रों से 'हर घर तिरंगा' अभियान में भाग लेने का आह्वान...
दिल्ली: एलजी ने तिरंगा यात्रा को दिखाई हरी झंडी, ‘राष्ट्रीय ध्वज लाएं और इसे गर्व और सम्मान के साथ फहराएं’

दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने छात्रों से 'हर घर तिरंगा' अभियान में भाग लेने का आह्वान किया।आईपी यूनिवर्सिटी में तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाते हुए और विश्वविद्यालय के द्वारका परिसर से सेक्टर 14 मेट्रो स्टेशन तक लगभग पांच हजार छात्रों, कर्मचारियों,आसपास के निवासियों और ग्रामीणों के साथ वॉकथॉन में शामिल होते हुए एलजी सक्सेना ने कहा, "हर घर तिरंगा अभियान एक जन आंदोलन बन गया है। हमारे प्यारे और विजयी तिरंगे को दुनिया में ऊंचा लहराने दें। राष्ट्रीय ध्वज लाएं और इसे गर्व और सम्मान के साथ फहराएं।"

उन्होंने कहा, तिरंगा यात्रा राष्ट्र निर्माण के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है और तिरंगे के साथ एक व्यक्तिगत संबंध बनाती है। एलजी ने तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए भाग लेने वाले लोगों का आभार व्यक्त किया।  उन्होंने तिरंगे को राष्ट्र की एकता, अखंडता और विविधता के प्रतीक के रूप में महत्व देने पर बल दिया। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक नागरिक, विशेष रूप से युवाओं को स्वतंत्रता, बलिदान और प्रगति के मूल्यों को आगे बढ़ाना चाहिए जो तिरंगे का प्रतिनिधित्व करता है।

विश्वविद्यालय के कुलपति पद्मश्री प्रो (डॉ) महेश वर्मा ने उपराज्यपाल और सभी विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति और समर्थन के लिए अपना गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने तिरंगा यात्रा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह राष्ट्रीय गर्व और एकता की भावना को बढ़ावा देती है, सभी को तिरंगे के प्रतीक मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करना चाहिए।इस अवसर पर प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया, जिनमें संसद सदस्य कमलजीत सहरावत सहरावत, मनोज तिवारी, रणवीर सिंह बिधुरड़ी, दिल्ली के मुख्य सचिव नरेश कुमार, उच्च शिक्षा विभाग, दिल्ली की सचिव ऐलिस वाज, दक्षिण- पश्चिम दिल्ली के उपायुक्त ईश सिंघल मौजूद थे।

यह तिरंगा यात्रा आईपी यूनिवर्सिटी से शुरू होकर द्वारका सेक्टर 14 मेट्रो स्टेशन पर समाप्त हो गई।इसमें आईपी यूनिवर्सिटी, दिल्ली स्किल यूनिवर्सिटी के छात्र, स्टाफ़ समेत 5,000 से ज़्यादा लोगों ने भाग लिया।इस अवसर पर भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद एवं साहित्य कला परिषद द्वारा संयुक्त रूप से  निर्मित भारतीय आज़ादी पर केंद्रित नृत्य नाटिका ‘आज़ादी का महानायक’ का प्रदर्शन भी किया गया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad