Advertisement

कैसे दिल्ली और मुंबई पुलिस ने मिलकर बचाई सुसाइड करने जा रहे युवक की जान

फेसबुक पर एक युवक ने लाइव आत्महत्या का प्रयास किया। आयरलैंड में बैठे फेसबुक अधिकारियों को जैसे ही...
कैसे दिल्ली और मुंबई पुलिस ने मिलकर बचाई सुसाइड करने जा रहे युवक की जान

फेसबुक पर एक युवक ने लाइव आत्महत्या का प्रयास किया। आयरलैंड में बैठे फेसबुक अधिकारियों को जैसे ही इसका पता चला उन्होंने फौरन दिल्ली पुलिस से संपर्क किया। युवक की जानकारी दिल्ली पुलिस को उपलब्ध करा दी गई। दिल्ली पुलिस युवक को ढूंढते हुए मंडावली स्थित घर पहुंची। 

अधिकारियों ने रविवार को कहा कि दिल्ली पुलिस को आयरलैंड के एक फेसबुक कर्मचारी द्वारा समय पर अलर्ट देने से 27 वर्षीय एक व्यक्ति की जान बच गई, जो कोरोना वायरसो के चलते लगाए गए लॉकडाउन के कारण वित्तीय तनाव में था और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव सुसाइड करने जा रहा था।

वहां पता चला कि वह अपनी पत्नी का फेसबुक अकाउंट इस्तेमाल करता है और अभी मुंबई में है। दिल्ली पुलिस ने फौरन मुंबई पुलिस से संपर्क किया। मुंबई पुलिस बगैर समय गंवाये युवक के पास पहुंच गई। समय रहते ही पुलिस उसे समझाने में कामयाब रही। युवक की काउंसलिंग भी कराई गई है। फेसबुक, दिल्ली पुलिस और मुंबई पुलिस के साझा प्रयासों के बाद युवक की जान बच गई। परिवार भी युवक की जान बचने के बाद बेहद खुश है।

दिल्ली पुलिस की साइबर सेल के उपायुक्त डॉ. अनीश रॉय ने बताया शनिवार शाम करीब 7:51 बजे उन्हें आयरलैंड से फेसबुक अधिकारियों की कॉल मिली। महिला कॉलर ने बताया कि एक युवक के आत्महत्या के प्रयास का पता चला है। उसके फेकबुक अकाउंट की लोकेशन दिल्ली आ रही है। 

एक मोबाइल नंबर भी फेसबुक अधिकारी ने उपलब्ध कराया। फोन नंबर की लोकेशन पूर्वी दिल्ली के मंडावली की निकली। अनीश रॉय ने फौरन पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त जसमीत सिंह से संपर्क किया। पते पर लोकल पुलिस को भेजा गया। घर पर एक महिला मिली। उसने बताया कि नंबर उसका ही है, वह ठीक है। फेसबुक अकाउंट उसका पति चलाता है।

14 दिन पहले वह उससे लड़ाई करने के बाद मुंबई चला गया था। महिला ने अपने पति का नंबर दिया, लेकिन वह उसका पता नहीं बता पाई। अनीश रॉय ने फौरन मुंबई साइबर सेल के पुलिस उपायुक्त बाल सिंह राजपूत और डॉ. रश्मि से संपर्क किया। उससे फोन पर बातचीत करने का प्रयास किया गया तो उसने नंबर बंद कर दिया। 

फौरन एक टीम को भाईंदर, मुंबई उसके घर भेजा गया। युवक सकुशल मिल गया। उसने बताया कि वह  होटल में कुक का काम करता है। जिंदगी से परेशान होकर वह यह कदम उठाना चाहता था। पुलिस ने उसे समझाया और उसकी काउंसलिंग कराई। 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad