Advertisement

मदनलाल को हराकर रजत शर्मा बने DDCA के अध्यक्ष, राकेश कुमार बंसल उपाध्यक्ष

पत्रकार और मशहूर टीवी एंकर रजत शर्मा दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ(डीडीसीए) के नए अध्यक्ष बन गए हैं। रजत...
मदनलाल को हराकर रजत शर्मा बने DDCA के अध्यक्ष, राकेश कुमार बंसल उपाध्यक्ष

पत्रकार और मशहूर टीवी एंकर रजत शर्मा दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ(डीडीसीए) के नए अध्यक्ष बन गए हैं। रजत शर्मा पैनल ने इन चुनावों में प्रतिद्वंद्वी मदन लाल और विकास सिंह पैनल को हराते हुए सभी 12 सीटों पर अपना कब्जा कर लिया। डीडीसीए के 27 से 30 जून तक हुए चुनावों के बाद परिणामों की सोमवार को घोषणा की गई।

रजत ने अध्यक्ष पद के दो अन्य उम्मीदवारों पूर्व क्रिकेटर मदन लाल और सीनियर वकील विकास सिंह को पराजित किया। एएनआई के मुताबिक, अध्यक्ष पद के लिए रजत को वोटों का 54.40 फीसदी हिस्सा मिला। रजत को कुल 1521 वोट मिले जबकि मदनलाल को 1004, विकास सिंह को 232 और चौथे उम्मीदवार रवि गुप्ता को 26 वोट मिले। रजत की जीत पहले ही सुनिश्चित मानी जा रही थी और फिरोजशाह कोटला मैदान में उनके समर्थकों ने परिणाम आते ही जश्न मनाना शुरू कर दिया। 

अध्यक्ष पद के उम्मीदवार और 1983 की विश्वकप विजेता टीम के सदस्य मदनलाल कोटला मैदान में मौजूद थे लेकिन तीसरे उम्मीदवार विकास सिंह डीडीसीए नहीं आए।

राकेश कुमार बंसल बने उपाध्यक्ष

उपाध्यक्ष पद के लिए रजत पैनल के सदस्य राकेश कुमार बंसल को 1364 वोट मिले जबकि इस पद के लिए खड़ी हुई बीसीसीआई के कार्यवाहक अध्यक्ष सीके खन्ना की पत्नी और मदनलाल पैनल की सदस्य शशि खन्ना को 1086 वोट मिले। रजत पैनल के विनोद तिहारा 1374 वोट पाकर डीडीसीए के नए सचिव बन गए। उनके नजदीकी प्रतिद्वंद्वी मंजीत सिंह को 998 वोट मिले।

राजन मनचंदा 1402 वोट पाकर संयुक्त सचिव बने। उनके नजदीकी प्रतिद्वंद्वी पुष्पेंद्र चौहान को 953 वोट हासिल हुये। ओपी शर्मा 1365 वोट के साथ कोषाध्यक्ष बन गये। उनके नजदीकी प्रतिद्वंद्वी दीपक सिंघल को 1075 वोट मिले।  जाने माने क्रिकेट कोच संजय भारद्वाज डीडीसीए के नये निदेशक (क्रिकेट संचालन) बन गये। भारद्वाज को 1241 वोट हासिल हुये। इस पद के मुकाबले में मदनलाल पैनल की अंजलि शर्मा 891 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। पूर्व भारतीय क्रिकेटर और पहले एशिया कप के हीरो सुरिन्दर खन्ना 479 वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहे। खन्ना विकास सिंह पैनल के सदस्य थे। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad