Advertisement

अर्जुन सिंह की पत्नी के विवाद में भाजपा-कांग्रेस में छिड़ी जुबानी जंग

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की पत्नी सरोज कुमारी ने अपने दो बेटों समेत तीन के खिलाफ...
अर्जुन सिंह की पत्नी के विवाद में भाजपा-कांग्रेस में छिड़ी जुबानी जंग

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की पत्नी सरोज कुमारी ने अपने दो बेटों समेत तीन के खिलाफ  कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। सरोजकुमारी ने कांग्रेस नेता और अपने बेटे अजय सिंह और अभिमन्यु पर प्रताड़ित करने और घर से बाहर निकालने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। कांग्रेस विधायक अजय सिंह मध्य प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता हैं। अब इस मसले पर कांग्रेस-भाजपा में जुबानी जंग छिड़ गई है।

अर्जुन सिंह की पत्नी ने मंगलवार को अदालत में इस संबंध में अर्जी पेश करने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने मीडिया से कहा था, ‘यह भाजपा का षड्यंत्र है। जब भी मैं मध्यप्रदेश की भाजपा नीत सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाता हूं, तब ऐसी चीजें होती हैं।’

अजय द्वारा लगाये गये आरोपों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को सीहोर में मीडिया से कहा, ‘मेरा कहना है कि मां-मां होती है। किस प्रकार से (अजय ने) सरकार पर आरोप लगा दिया और यह कह दिया कि सरकार ने कुछ ऐसा कर दिया, जिसके कारण मां उनके खिलाफ हो गईं। ये घटियापन की पराकाष्ठा है।’

चौहान ने कहा, ‘मां से बड़ी दौलत दुनिया में नहीं होती। भगवान ही होती है मां। वह देश के मूर्धन्य नेता स्वर्गीय अर्जुन सिंह जी की धर्म पत्नी हैं। उनकी 83 वर्ष की उम्र है। क्या वह किसी सरकार के कहने पर ऐसा करेंगी।’ उन्होंने कहा, ‘इस दर्जे की बात करना हद दर्जे का घटियापन है।’  उन्होंने कहा, ‘सरोज देश के इतने बड़े नेता स्वर्गीय अर्जुन सिंह जी की पत्नी हैं। मुझे तो दुख होता है कि इस उम्र में माता जी ऐसे परेशान हों।’  उन्होंने कहा, ‘बजाय इसके कि मां को अजय  घर लायें, मां को सम्मान दें, मां का इलाज करवायें, उल्टे वह आरोप लगा रहे हैं कि सरकार करवा रही है। मैं तो बहुत दुखी हूं।’

सरोज एवं उनके बेटों के मामले को पारिवारिक मामला बताते हुए चौहान ने कहा, ‘मैं अजय से यही आग्रह करता हूं कि मां को मां का सम्मान दें, उनको घर लायें, उनकी सेवा करें, उनका इलाज करवायें। व्यर्थ के आरोप न लगायें।’ शिवराज चौहान की प्रतिक्रिया के तुरंत बाद शाम को अजय सिंह ने पूरे मामले को भाजपा का षड्यंत्र बताते कहा, ‘मेरी मां के वकील दीपेश जोशी हैं। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनकी पत्नी साधना की तरफ से मेरे ऊपर एक करोड़ रूपये का मानहानि का मामला दर्ज किया गया है। इसमें शिवराज के वकील दीपेश जोशी ही हैं। इससे साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि मेरी मां को उकसाने में भाजपा का हाथ है।’ अजय ने कहा, ‘भाजपा उपाध्यक्ष प्रभात झा का कल एक आडियो भी आया है। इसमें देश के पत्रकारों को कहा गया है कि मेरी मां द्वारा अदालत में आवेदन पेश करने की अच्छी से अच्छी खबर बनाओ।’  भाजपा की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, ‘मेरे खिलाफ साजिश शुरू हो चुकी है। आगे क्या होता है देखेंगे।’

अजय ने कहा कि इस पूरे मामले की मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ से चर्चा हुई है। उनके सिवाय पार्टी के अन्य किसी से अब तक कोई चर्चा नहीं हुई है। यह मेरा व्यक्तिगत मामला है।

25 जून से होने वाले विधानसभा सत्र में अजय सिंह मध्यप्रदेश की शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली भाजपा नीत सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले हैं। इसके लिए उन्होंने विधानसभा के प्रमुख सचिव को प्रस्ताव भेजा है। अजय ने कहा,‘मुझ पर लगाये गये आरोपों से मैं अत्यंत दुखी और व्यथित हूं, क्योंकि मेरी मां ने किसी के बहकावे पर जो कुछ कहा, वह सरासर झूठा और असत्य है। वक्त मुझे इंसाफ देगा।’

उन्होंने कहा, ‘मौजूदा हालात ऐसे हैं कि मेरी मां हमारी बहन वीना सिंह के बगैर कहीं और रहना नहीं चाहती तथा वीना हमारे साथ रह नहीं सकती, क्योंकि राजनीतिक कारणों से हमारे उनके रिश्ते कई वर्षों से सामान्य नहीं हैं। इतने सबके बावजूद मैं उनसे मिलने की और उनके संबल बनने की हमेशा कोशिश करता रहा हूं। उन्होंने न तो मुझसे बात करना उचित समझा और न ही इस दुविधा को सुलझाने में कोई रूचि दिखाई।’  

अजय ने कहा, ‘मैं अपनी मां से एक प्रार्थना करते हुए एक संदेश देना चाहूंगा कि वह अपने आपको उन लोगों से स्वतंत्र कर लें, जिन्होंने आपको भावनात्मक रूप से अपने वश में कर रखा है। बेहतर यह होगा की अदालत या सार्वजनिक रूप से इस मुद्दे पर चर्चा करने के बजाए आप और मैं साथ बैठें और समस्याओं का समाधान करें।’

सरोज कुमारी  ने अपने दो बेटों अजय सिंह (64) एवं अभिमन्यु सिंह (68) के साथ-साथ 60 वर्षीय अजय सिंह की पत्नी सुनीति सिंह के खिलाफ मंगलवार को भोपाल के न्यायिक मजिस्ट्रेट (प्रथम श्रेणी) गौरव प्रज्ञान की अदालत में घरेलू हिंसा और संपत्ति पर अवैध रूप से कब्जा कर उन्हें बेदखल करने का आवेदन पेश किया है। इस पर अदालत ने अजय, अभिमन्यु एवं सुनीति को नोटिस जारी करने के आदेश दे दिये हैं। अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई 19 जुलाई तय की है।

जिस घर के लिए मां-बेटों में यह विवाद चल रहा है, वह बाहरी भोपाल के रातीबड़ पुलिस थाना इलाके में स्थित ‘केरवा महल’ है, जिसे अर्जुन सिंह की कोठी के नाम से भी जाना जाता है। इस बेशकीमती कोठी की वर्तमान में कीमत करोड़ों रूपये है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad