Advertisement

कोरोना की दूसरी लहर अभी भी जारी, सितंबर और अक्टूबर का महीना अहमः स्वास्थ्य मंत्रालय

देश में अप्रैल-मई की तुलना में अब केस लोड भले ही कम हो गए हैं, लेकिन स्वास्थ्य मंत्रालय का मानना है कि...
कोरोना की दूसरी लहर अभी भी जारी,  सितंबर और अक्टूबर का महीना अहमः स्वास्थ्य मंत्रालय

देश में अप्रैल-मई की तुलना में अब केस लोड भले ही कम हो गए हैं, लेकिन स्वास्थ्य मंत्रालय का मानना है कि अभी भी महामारी की दूसरी लहर जारी है। ऐसे में सभी राज्यों को त्योहारों के दौरान सख्ती बरतनी होगी। खासकर हर त्योहार के बाद संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए। गुरुवार को देशभर के आंकड़ों में बहुत ज्यादा उछाल देखा गया, जहां नए मरीजों की संख्या 46 हजार से ज्यादा रही। वहीं, कोरोना के नए मामलों में कमी के बीच केरल ने चिंता बढ़ा दी है। मंत्रालय ने कहा कि पिछले 24 घंटे में आए कोविड-19 के मामलों में से 58.4 फीसदी केरल में सामने आए है।

मंत्रालय ने कहा कि केरल एकमात्र राज्य है जहां कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या एक लाख से अधिक है, जबकि चार राज्यों महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में इलाज करा रहे मरीजों की संख्या दस हजार से एक लाख तक है। देश के 41 जिलों में साप्ताहिक संक्रमण दर दस फीसदी से अधिक है।

स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा कि देश में कोविड-19 की दूसरी लहर अब भी जारी है। दूसरी लहर अभी समाप्त नहीं हुई है और इसलिए हमें सभी एहतियात बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सितंबर और अक्टूबर के महीने हमारे लिए अहम हैं क्योंकि हम नए त्योहार मनाने जा रहे हैं। इसलिए कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए त्योहार मनाए जाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि उन्होंने कहा कि देश में 46.67 करोड़ लोग वैक्सीन की पहली डोज ले चुके हैं, जबकि 13.70 करोड़ लोगों को दोनों डोज लगा दी गई है। उन्होंने  कहा कि कोविड-19 के टीके रोग में सुधार के लिए हैं न कि रोग को रोकने के लिए। इसलिए टीकाकरण के बाद भी मास्क का उपयोग करना बहुत जरूरी है।

मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, एक दिन में कोरोना वायरस से 46,164 लोग संक्रमित पाए गए। इसके बाद भारत में कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 3,25,58,530 हो गई। आंकड़ों के मुताबिक, 607 लोगों की मौत होने के साथ मृतकों की संख्या 4,36,365 हो गई है।

केरल में 1 लाख से ज्यादा एक्टिव केस हैं। राज्य में 31,445 नए मामले सामने आए थे और इसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या 38,83,429 हो गई थी। 215 मरीजों की मौत हुई थी। केरल में शनिवार को 17,106, रविवार को 10,402, सोमवार को 13,383 और मंगलवार को 24,296 कोरोना केस की पुष्टि हुई थी।बाकी राज्यों में अभी भी गिरावट का रुख दिख रहा है। महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में 10,000 से 1 लाख सक्रिय मामले हैं। देश में आ रहे कोरोना के मामलों में केरल का योगदान 51%, महाराष्ट्र का 16% और बाकी तीन राज्यों का योगदान देश के 4-5% है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad