Advertisement

होली के रंग में रंगा देश, पीएम मोदी-गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं

देशभर में आज यानी 25 मार्च को होली का त्योहार मनाया जा रहा है। रंगों के इस त्योहार को लेकर लोगों के बीच...
होली के रंग में रंगा देश, पीएम मोदी-गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं

देशभर में आज यानी 25 मार्च को होली का त्योहार मनाया जा रहा है। रंगों के इस त्योहार को लेकर लोगों के बीच काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। रविवार यानी 24 मार्च को लोगों ने भक्तिभाव के साथ होलिका दहन के साथ होली की शुरुआत हो गई है। देश में होली का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने होली की पूर्वसंध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि होली हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने के लिए भी प्रेरित करता है। होली एक जीवंत और आनंद का त्योहार है, जो हमारे जीवन में आशा और उत्साह भरता है। उन्होंने कहा कि होली के विभिन्न रंग हमारे देश की विविधता का प्रतीक हैं। यह त्योहार लोगों के बीच प्रेम, एकता और भाईचारे की भावनाओं को बढ़ावा देता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं और कामना की स्नेह और सद्भाव के रंगों से सजा यह पारंपरिक पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा व नया उत्साह लेकर आए। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, देश के मेरे सभी परिवारजनों को होली की अनेकानेक शुभकामनाएं, स्नेह और सद्भाव के रंगों से सजा यह पारंपरिक पर्व आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और नया उत्साह लेकर आए। देश में सोमवार को होली मनाई जा रही है, जबकि कुछ हिस्सों में मंगलवार को होली का त्योहार मनाया जाएगा।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं। अमित शाह ने कहा, "सभी देशवासियों को रंग व हर्षोल्लास के महापर्व होली की हार्दिक शुभकामनाएं, खुशियों का यह रंगोत्सव आप सभी के जीवन में समृद्धि व सद्भाव का रंग लाए और नई ऊर्जा के संचार का माध्यम बने।"

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "होली के पर्व की आप सभी को अनंत शुभकामनाएं। रंगो का यह त्योहार आपके जीवन में उल्लास, उत्साह और नई ऊर्जा का संचार करे।"

वहीं, राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर ट्वीट करते हुए लिखा कि रंगों के त्योहार होली की आप सभी देशवासियों को बहुत बहुत शुभकामनाएं। यह पर्व सभी भारतवासियों में एकता, भाईचारा और सौहार्द बढ़ाए, ऐसी कामना करता हूं।

होली के त्योहार पर बधाई देते हुए प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा कि आज होली है - आनंद, उत्साह, मिठास, बंधुत्व और बराबरी का महापर्व। जब भगवान भी मगन होकर मनुष्यों के साथ रंग खेलने आ जाते हैं। बांके बिहारी वृंदावन की कुंजगली में पिचकारी और बांसुरी से और भगवान शिव बनारस के महाश्मशान पर चिता की राख से होली खेलते मिल जायें तो उन्हें प्यार से गले लगाइए और परिवार, समाज और देश-दुनिया के साथ खूब खुशियां बांटिये। सब पर्वों के मूल में यही भाव है। होली मुबारक और ढेर सारी शुभकामनाएं।

बीजेपी नेता और पुरी लोकसभा सीट से पार्टी उम्मीदवार संबित पात्रा ने जगन्नाथ पुरी मंदिर में होली के मौके पर पूजा की। उन्होंने कहा कि होली के इस शुभ दिन पर मैंने भगवान जगन्नाथ को धन्यवाद दिया कि उन्होंने मुझे अपनी सेवा में बुलाया है।

उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंची है। होली के मौके पर देशभर से आए श्रद्धालु दर्शन के लिए राम मंदिर पहुंचे हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad