Advertisement

भारत पहुंचा खुदकुशी का डरावना खेल, कैसे ‘ब्लू व्हेल’ का शिकार बन रहे किशोर

आत्महत्या का खेल और खेल-खेल में आत्महत्या। जी हां इंटरनेट की दुनिया में ‘सुसाइड गेम’ ने हलचल तेज कर रखी है।
भारत पहुंचा खुदकुशी का डरावना खेल, कैसे ‘ब्लू व्हेल’ का शिकार बन रहे किशोर

सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो के जरिए खुदकुशी करने की कई वारदातें लगातार सामने आ रही हैं। ना केवल विदेशों में बल्कि अब भारत में भी इस सुसाइड गेम ने अपना शिकार बना लिया। अंग्रेजी अखबार हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार मुंबई के 14 वर्षीय मनप्रीत ने कथित तौर पर इस गेम को खेलकर 5वीं मंजिल से छलांग लगा दी। अब पुलिस ने भी इस गेम को लेकर एडवाइजरी जारी कर दी है।

भारत ही नहीं बल्कि ब्रिटेन की 15 वर्षीय एक छात्रा यूलिया और 16 वर्षीय छात्रा वेरोनिका ने भी अपार्टमेंट की छत से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी।

वह स्कूल नहीं आएगा, गेम खेलेगा...

हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक  मनप्रीत ने अपने दोस्तों से कहा था कि वो सोमवार को स्कूल नहीं आएगा क्योंकि वो ये गेम खेलेगा। पुलिस के मुताबिक बच्चे ने कोई सुसाइड नोट भी नहीं छोड़ा है। उनके माता-पिता का कहना है कि बच्चे के अंदर डिप्रेशन के कोई लक्षण नहीं थे।

क्या है ब्लू व्हेल गेम?

यह गेम सोशल मीडिया के जरिए फैलाया जा रहा है। इस गेम में 50 दिन का एक टास्क दिया जाता है, जिसमें आखिरी दिन आत्महत्या का टास्क होता है। खिलाड़ी उसे पूरा करने और जीतने के लिए कुछ भी कर जाता है। इसका गेम का नाम ब्लू व्हेल इसलिए पड़ा क्योंकि हाथों में डॉट बनाकर उसे ब्लू व्हेल का आकार देना होता है, एक-दूसरे से डॉट को जोड़कर ये गेम खेला जाता है।

सोशल मीडिया पर लोग बता रहे हैं कि ‘द ब्लू व्हेल गेम' में 50 दिन तक टास्क बताए जाते हैं।  हर टास्क को पूरा करने पर हाथ पर एक कट करने के लिए कहा जाता है। जिसमें आखिर में व्हेल की आकृति हाथों पर उभरती है। इसमें हाथ पर ब्लेड से एफ-57 उकेरकर फोटो भेजने को कहा जाता है। साथ ही सुबह 4:20 बजे उठकर हॉरर वीडियो देखने के लिए और क्यूरेटर को भेजने के लिए कहा जाता है। सुबह ऊंची से ऊंची छत पर जाने को कहा जाता है। व्हेल बनने के लिए तैयार होने पर अपने पैर में 'यस' उकेरना होता है, और नहीं तैयार होने पर अपने को चाकू से कई बार काटकर सजा देना होता है। इस तरह इसमें कई खतरनाक स्टेप अपनाने के लिए बहकाया जाता है।

मौतों की गिनती

हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार 'ब्लू व्हेल चैलेंज गेम' खेलने वाले लोगों में अबतक दुनियाभर में लगभग 200 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की बात कही गई है। अकेले रूस में ही 130 मौतों का दावा किया गया है। वहीं अमेरिका और पाकिस्तान समेत दुनिया के 19 देशों में इस गेम की वजह से खुदकुशी करने या कोशिश करने के सैकड़ों मामले आ चुके हैं। जिसमें अब भारत का भी नाम शुमार हो गया है।

'द ब्लू व्हेल गेम' की शुरूआत

बताया जाता है कि 'द ब्लू व्हेल गेम' को 25 साल के रूसी नागरिक फिलिप बुडेकिन ने 2013 में बनाया था। इस गेम में सुसाइड का पहला मामला साल 2015 में रूस में आया था। इसके बाद फिलिप को जेल की सजा हो गई। न्यूज-18 के मुताबिक फिलिप दावा करते हैं, “यह गेम समाज में सफाई के लिए है। खुदकुशी करने वाले बायोलॉजिकल वेस्ट होते हैं।”

अभिभावकों को ध्यान देना जरूरी

इस मामले के सामने आने के बाद ब्रिटेन की चाइल्ड प्रोटेक्शन संस्था नेशनल सोसाइटी फॉर द प्रिवेंशन ऑफ क्रूएलिटी टू चिल्ड्रेन (NPCC) ने कहा है कि बच्चों को भीड़ को फॉलो नहीं करना चाहिए और ऐसी चीजें करने से बचना चाहिए। वहीं एचटी के मुताबिक इस घटना के बाद महाराष्ट्र की पुलिस ने बच्चों के अभिभवकों को अगाह करना शुरू कर दिया है।

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad