Advertisement

लोकसभा चुनाव: चौथे चरण में 64 फीसदी मतदान, पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा 76.47 फीसदी वोटिंग

लोकसभा चुनावों के चौथे चरण में सोमवार को नौ राज्यों की 72 सीटों पर वोटिंग समाप्त हो गई। इन सीटों पर कुल 64...
लोकसभा चुनाव: चौथे चरण में 64 फीसदी मतदान, पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा 76.47 फीसदी वोटिंग

लोकसभा चुनावों के चौथे चरण में सोमवार को नौ राज्यों की 72 सीटों पर वोटिंग समाप्त हो गई। इन सीटों पर कुल 64 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। इन सीटों में राजस्थान की 13, महाराष्ट्र की 17, उत्तर प्रदेश की 13, पश्चिम बंगाल की 8, मध्य प्रदेश और ओडिशा की 6-6, बिहार की 5 और झारखंड की 3 सीटों पर वोट डाले गए।लोकसभा चुनावों के पहले तीन चरणों में 302 सीटों पर मतदान हो चुका है।

कहां कितना मतदान

बिहार में 53.67 फीसदी, जम्मू-कश्मीर में 9.79 फीसदी, मध्य प्रदेश में 65.86 फीसदी, महाराष्ट्र में 51.06 फीसदी, महाराष्ट्र में 51.06 फीसदी, ओडिशा में 64.05 फीसदी, राजस्थान में 62.86 फीसदी, उत्तर प्रदेश में 53.12 फीसदी, पश्चिम बंगाल में 76.47 फीसदी और झारखंड में 63.40 फीसदी मतदान हुआ। पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा और जम्मू-कश्मीर में सबसे कम मतदान दर्ज किया गया।

कई प्रमुख चेहरे मैदान में

इस चरण में कई प्रमुख चेहरों का भविष्य दांव पर है, जिनमें पूर्व केंद्रीय मंत्रियों सलमान खुर्शीद, श्रीप्रकाश जायसवाल, यूपी के कैबिनेट मंत्री सत्यदेव पचौरी, सपा की डिंपल यादव, साक्षी महाराज और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रामशंकर कठेरिया, जेएनयू छात्रसंघ के नेता कन्हैया कुमार, भाजपा नेता गिरिराज सिंह, सहित कई प्रमुख उम्मीदवार शामिल हैं। वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बेटे दुष्यंत प्रमुख चेहरे हैं। 

ईवीएम में खराबी की शिकायतें

उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र,  बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम में खराबी की शिकायतें आईं। सपा ने चुनाव आयोग से इसकी शिकायत भी की।

पश्चिम बंगाल में झड़प

 आसनसोल से सांसद और भाजपा प्रत्याशी बाबुल सुप्रीयो को पोलिंग बूथ पर भारी विरोध का सामना भी करना पड़ा। टीएमसी के समर्थकों ने उनकी मौजूदगी का विरोध किया। इसके बाद बाबुल ने आसनसोल में केंद्रीय बलों की तैनाती की मांग की है।

पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट पर एक पोलिंग बूथ के बाहर हंगामे के बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। यहां पर भाजपा के कार्यकर्ता नारेबाजी कर रहे थे तभी कुछ लोगों ने उनपर हमला कर दिया

इन सीटों पर हुआ मतदान 

उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश में ज्यादातर सीटों पर भाजपा और सपा-बसपा के बीच सीधा मुकाबला है। इन सीटों से कुल 152 उम्मीदवार मैदान में हैं। उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 80 सीटें हैं और यहां सभी 7 चरणों में चुनाव होने हैं। यहां मिश्रिख, खेड़ी़, हरदोई, उन्नाव, फर्रुखाबाद, इटावा, कनौज, कानपुर, अकबरपुर, जालौन, झांसी, हमीरपुर शाहजहांपुर में मतदान हुआ।

मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश में लोकसभा की छह सीटों और छिंदवाड़ा विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए वोट डाले गए। छिंदवाड़ा विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री कमलनाथ मैदान में हैं। लोकसभा की सभी 6 सीटों - सीधी, शहडोल, जबलपुर, मांडला, बालाघाट और छिंदवाड़ा पर भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर है।

बिहार

बिहार में लोकसभा की पांच सीटों - बेगूसराय, मुंगेर, उजियारपुर, समस्तीपुर और दरभंगा के लिए वोटिंग हुई। यहां सभी की नजरें बेगूसराय सीट पर है जहां लड़ाई भाकपा प्रत्याशी कन्हैया कुमार भाजपा को भाजपा नेता गिरिराज सिंह को चुनौती दे रहे हैं। साथ ही इस सीट पर राजद के तनवीर हसन भी प्रत्याशी हैं।

झारखंड

यहां चतरा, लोहारदगा, पलामू में वोट डाले गए।

जम्मू-कश्मीर

अनंतनाग (केवल कुलगाम जिले में मतदान)

महाराष्ट्र

यहां धुले, नंदूरबार, डिंडोरी, नासिक, पालघर, भिवंडी, कल्याण, ठाणे, मुंबई, मुंबई उत्तर-पश्चिम, मुंबई उत्तर-पूर्व, मुंबई उत्तर-मध्य, मुंबई दक्षिण-मध्य, मुंबई दक्षिण, मावल, शिर्डी, शिरूर में वोटिंग हुई। फिल्मी सितारों ने बढ़-चढ़कर मतदान में भाग लिया।

पश्चिम बंगाल

पश्चिम बंगाल की आठ सीटों पर चौथे चरण के चुनाव के लिए मतदान हुआ। आज जिन सीटों पर वोट डाले गए उनमें कृष्णानगर, ब्रह्मपुर, रानाघाट, वर्द्धमान पूर्व, वर्धमान-दुर्गापुर, आसनसोल, बोलपुर और बीरभूम शामिल है। इन आठ सीटों से 68 उम्मीदवार मैदान में हैं। इन आठ सीटों पर तृणमूल कांग्रेस, भाजपा, कांग्रेस और वाम मोर्चे के बीच चतुष्कोणीय मुकाबला है।

ओडिशा

ओडिशा के बालेश्वर,मयूरभंज, जाजपुर, केंद्रपाड़ा एवं जगतसिंहपुर लोकसभा सीटों और इन छह संसदीय क्षेत्रों के तहत आने वाली विधानसभा की 41 सीटों पर चुनाव हुआ। पत्कुरा को छोड़ ओडिशा में यह अंतिम चरण का मतदान होगा। चौथे चरण के चुनाव में 388 उम्मीदवारों लोकसभा के लिए 51 और 41 विधानसभा सीटों पर 336 प्रत्याशियों के राजनीतिक भाग्य का फैसला होगा। यहां में लोकसभा की 21 और विधानसभा की 147 सीटें हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad