Advertisement

दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में कोहरे से थमीं ट्रेनें, 21 फ्लाइट्स भी डाइवर्ट

राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बीते कुछ दिनों से पारा पांच डिग्री के नीचे...
दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में कोहरे से थमीं ट्रेनें, 21 फ्लाइट्स भी डाइवर्ट

राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बीते कुछ दिनों से पारा पांच डिग्री के नीचे ही रह रहा है। राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह की शुरुआत 2.6 डिग्री के साथ से हुई, जबकि पालम में पारा 2.9 डिग्री रहा। अब सप्ताह के पहले दिन दिल्ली-एनसीआर में विजिबिलिटी भी जीरो है। लिहाजा दिल्ली आने वाली ज्यादातर ट्रेनें लेट चल रही हैं, वहीं दिल्ली आने-जाने वाली कई फ्लाइट्स की आवाजाही पर असर पड़ा है। दिल्ली एयरपोर्ट पर घने कोहरे के कारण नॉर्मल ऑपरेशंस रोक दिए गए हैं। इसके अलावा दिल्ली एयरपोर्ट पर कम से कम 21 उड़ानों के रूट बदले गए हैं जबकि 5 को रद्द कर दिया गया है।

आज सुबह कोहरे के कारण विजिबिलिटी घटकर कुछ मीटर रह गई। इस वजह से उत्तर रेलवे की 30 से ज्यादा ट्रेनें देरी से चल रही है। कई ट्रेनों को रद्द भी कर दिया गया है। नॉर्थ रेलवे ने बयान में कहा है कि सोमवार सुबह कोहरे के कारण 30 से अधिक ट्रेनें लेट चल रही हैं।

वहीं दिल्ली एयरपोर्ट पर 21 फ्लाइट को डाइवर्ट कर दिया गया है, जबकि सभी यात्रियों से अपील की जा रही है कि वह फ्लाइट का स्टेटस जानने के लिए अपनी एयरलाइन के टच में रहें। स्पाइसजेट, इंडिगो की ओर से ट्वीट कर यात्रियों को संपर्क में रहने की बात अपील की गई है। 500 से ज्यादा फ्लाइट्स देरी से चल रही हैं।

आज भी तापमान 5 डिग्री से कम ही रह सकता है

दिल्ली में आज भी तापमान 5 डिग्री से कम ही रह सकता है, ना केवल दिल्ली बल्कि उत्तर भारत के अन्य शहरों में भी पारा काफी कम रहने की उम्मीद है। दिल्ली के अलावा अमृतसर, आगरा और झांसी जैसे शहरों में भी पारा 3 डिग्री के नीचे ही रहा। मौसम विभाग के अनुसार, 30 दिसंबर से 2 जनवरी के बीच यहां बारिश हो सकती है। ऐसे में बारिश के बाद तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। दूसरी ओर उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। इस सप्ताह ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अनुमान है। दिसंबर मध्य में यहां बर्फबारी होने से ठंड बढ़ गई थी। सड़कें बर्फ से पटी दिखाई दे रही थीं। स्थानीय प्रशासन लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है। बर्फबारी का लुत्फ लेने के लिए कई राज्यों से सैलानी भी यहां पहुंच रहे हैं।

शेल्टर में भी दिक्कतें

उत्तर भारत के जिन शहरों में जो लोग आश्रय गृह (शेल्टर) में रह रहे हैं अत्यधिक की ठंड के कारण उनका बाहर रहना भी मुश्किल हो रहा है। रविवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने राजस्थान के कोटा में शेल्टर होम में कंबल भी बांटे। कड़ाके की ठंड पड़ने पर दिल्ली में बने सभी रैन बसेरों में भी लोगों की संख्या में इजाफा देखने को मिला।

कोहरे के कारण एक्सिडेंट

दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में बीती रात कोहरे के कारण एक भीषण सड़क हादसा हो गया जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो नाबालिग भी शामिल हैं। 11 लोगों से भरी एक मारुति अर्टिगा कार ग्रेटर नोएडा के एक नहर में जा गिरी जिसमें सभी 11 लोग दब गए।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad