Advertisement

देशभर में आज मनाया जा रहा दशहरा का त्योहार, राष्ट्रपति मुर्मू-पीएम मोदी समेत अन्य नेताओं ने दी बधाई

असत्य पर सत्य की जीत के महापर्व विजयदशमी के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र...
देशभर में आज मनाया जा रहा दशहरा का त्योहार, राष्ट्रपति मुर्मू-पीएम मोदी समेत अन्य नेताओं ने दी बधाई

असत्य पर सत्य की जीत के महापर्व विजयदशमी के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

एक्स पर लिखे पोस्ट में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, ‘दशहरा के पावन त्योहार पर सभी देशवासियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं! दशहरा, जिसे विजयादशमी के रूप में भी मनाया जाता है, हमें सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। इस पावन पर्व पर मेरी मंगल कामना है कि हम सब पूरी मानवता के कल्याण की भावना के साथ सत्य और न्याय के पथ पर आगे बढ़ते रहें।’

सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, देशभर के मेरे परिवारजनों को विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं। यह पावन पर्व नकारात्मक शक्तियों के अंत के साथ ही जीवन में अच्छाई को अपनाने का संदेश लेकर आता है। विजयादशमी हर साल अश्विन मास की दशमी तिथि को मनाई जाती है। दशहरा को विजयादशमी के नाम से भी जानते हैं। यह त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है।

गृहमंत्री अमित शाह ने अपने शुभकामना संदेश में कहा- ‘समस्त देशवासियों को ‘विजयादशमी’ की हार्दिक शुभकामनाएं। अधर्म का अंधकार चाहे कितना भी घना क्यों न हो, सत्य के आधार पर धर्म के उजाले की विजय शाश्वत है। पाप पर पुण्य की विजय का प्रतीक ‘विजयादशमी’ हमें सदैव विवेक और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा व शिक्षा देने वाला पर्व है। प्रभु श्री राम सभी का कल्याण करें। जय श्री राम!’

गृहमंत्री अमित शाह ने इसके साथ ही संघ की स्थापना दिवस पर भी शुभकामना व्यक्त करते हुए एक्स पोस्ट पर लिखा- ‘भारत की युवाशक्ति में राष्ट्रसेवा की भावना और राष्ट्रप्रथम के विचारों को सींचने के लिए कृतसंकल्पित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना दिवस पर सभी स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं। गत 9 दशकों से @RSSorg मातृभूमि की सेवा और स्वाभिमान के लिए युवाओं को अपने कण-कण व क्षण-क्षण के समर्पण की प्रेरणा देकर राष्ट्रनिर्माण में अद्वितीय योगदान दे रहा है।’

सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार (24 अक्टूबर) को एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "यतो धर्मस्ततो जयः, धर्म व न्याय की विजय के महापर्व 'विजयादशमी' की प्रदेश वासियों, भक्तों और श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई व ढेरों मंगलकामनाएं। यह महापर्व सबके अंतस में धर्म, सत्य, अच्छाई और न्याय की स्थापना के लिए अथाह प्रेरणा भरे, यही कामना है, जय श्री राम।"

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा, "आश्विनस्य सिते पक्षे दशम्यां तारकोदये, स कालो विजयो ज्ञेयः सर्वकार्यार्थसिद्धये, अधर्म पर धर्म की, असत्य पर सत्य की, अंधकार पर प्रकाश की विजय के प्रतीक महापर्व विजयादशमी (दशहरा) की समस्त देश एवं प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।"

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी देश और प्रदेशवासियों को विजयादशमी की बधाई दी है। उन्होंने कहा कि विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है, सभी नागरिकों को इस महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad