Advertisement

दिल्ली में आज किसानों का धरना, नोएडा-गुरुग्राम नहीं जाएगी मेट्रो, हरियाणा ने किया बॉर्डर सील

केंद्र द्वारा हाल में पास किए गए कृषि कानूनों के खिलाफ देश की राजधानी दिल्ली में आज और कल पंजाब और...
दिल्ली में आज किसानों का धरना, नोएडा-गुरुग्राम नहीं जाएगी मेट्रो, हरियाणा ने किया बॉर्डर सील

केंद्र द्वारा हाल में पास किए गए कृषि कानूनों के खिलाफ देश की राजधानी दिल्ली में आज और कल पंजाब और हरियाणा के किसानों का विशाल प्रदर्शन होने वाला है। दावा किया जा रहा है कि भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले हजारों किसान आज दिल्ली में प्रदर्शन करेंगे। इसके मद्देनजर दिल्ली-हरियाणा सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं कई मेट्रो स्टेशन पर सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं।


किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए जहां दिल्ली-हरियाणा सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं हरियाणा ने भी पंजाब से लगती सीमा को सील कर दिया है। इससे पहले किसानों को रोकने के लिए अंबाला में किसानों पर पानी की बौछार की गई, फिर भी किसानों का काफिला आगे बढ़ गया है। हालांकि बड़ी तादाद में और भी किसान दिल्ली कूच करने को तैयार हैं। हरियाणा सरकार ने कहा है कि पंजाब से लगने वाली सीमा दो दिनों के लिए सील रहेगी।

इधर किसानों का दिल्ली में प्रवेश रोकने के लिए भी पुलिस की पूरी तैयारी है। पुलिस ने राजधानी में प्रदर्शन करने के किसान संगठनों की सभी मांगों को ठुकरा दिया है। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि कोरोना संक्रमण के दौर में यदि किसान दिल्ली में जमा होते हैं तो उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली मेट्रो ने अपनी टाइमिंग में कुछ बदलाव किया है। इसके कारण दोपहर 2 बजे तक दिल्ली से नोएडा, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गुरुग्राम तक मेट्रो सेवाएं बंद रहेंगी। दिल्ली मेट्रो ने कहा कि दिल्ली से पड़ोस के शहरों में मेट्रो सेवा दोपहर 2 बजे तक बंद रहेगी। डीएमआरसी के मुताबिक ब्लू लाइन पर आज सुबह से दोपहर दो बजे तक आनंद विहार से वैशाली और न्यू अशोक नगर से नोएडा सिटी सेंटर तक मेट्रो की सेवाएं बंद रहेगी। वहीं येलो लाइन पर सुल्तानपुर मेट्रो स्टेशन से लेकर गुरु द्रोणाचार्य मेट्रो स्टेशन तक भी सेवाएं बंद रहेगी। रिठाला और दिलशाद गार्डन लाइन पर सुबह से दोपहर दो बजे तक दिलशाद गार्डन से मेजर मोहित शर्मा राजेंद्र नगर के बीच मेट्रो सेवाएं नहीं मिलेगी। इसके साथ ही कीर्ति नगर/इंदरलोक से टिकरी कलां सेक्‍शन पर सुबह से दोपहर दो बजे तक टिकरी कलां से ब्रिग हाशियार सिंह के लिए मेट्रो सुविधा बंद रहेगी।कश्‍मीरी गेट से बदरपुर बॉर्डर वाले मेट्रो रूट पर बदरपुर बॉर्डर से मेवला महाराजपुर तक भी मेट्रो सेवाएं बंद रहेगी।जसोला विहार से बोटैनिकल गॉर्डन तक भी मेट्रो सेवाएं सुबह से दोपहर 2 बजे तक बंद रहेंगी।

किसानों को जमा होने से रोकने के लिए हरियाणा में कई स्थानों पर धारा-144 लगा दी गई है। हरियाणा में 26 और 27 नवंबर के लिए पंजाब के लिए बस सेवा भी बंद कर दी गई है। चंडीगढ़ से हरियाणा आने वाली बस सेवा को भी दो दिनों के लिए निलंबित कर दिया गया है ताकि पंजाब से किसान दिल्ली की तरफ न आ सकें। हालांकि किसानों का बड़ा समूह दिल्ली के लिए मार्च कर चुका है। जानकारी के अनुसार दिल्ली मार्च के लिए किसान खाने-पीने के सामान और कपड़े लेकर निकलें हैं।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad