Advertisement

अब हरियाणा जाएंगे राकेश टिकैत, जींद में होगी किसानों की महापंचायत

दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन को लेकर अब जींद की कंडेला खाप के ऐतिहासिक चबूतरे पर बुधवार को रणनीति...
अब हरियाणा जाएंगे राकेश टिकैत,  जींद में होगी किसानों की महापंचायत

दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन को लेकर अब जींद की कंडेला खाप के ऐतिहासिक चबूतरे पर बुधवार को रणनीति बनेगी जिसमें भारतीय किसान यूनियन ( भाकियू ) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत भी शिरकत करेंगे।

इस बैठक में करीब 50 खापों के लोग भी भाग लेंगे और दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन को नई धार देंगे। बता दें कि कंडेला वर्ष 2002 में बिजली बिल माफी आंदोलन को लेकर सुर्खियों में रहा है। गत 26 जनवरी को दिल्ली के लाल किले पर किसान यूनियन और सिखों के प्रतीक का झंडा लगाने पर विफल होने लगे किसान आंदोलन को पुनर्जीवित करने में कंडेला गांव ने ही गत जनवरी रात जींद-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर आंदोलन दोबारा खड़ा करने में अहम भूमिका निभाई थी। उसके बाद अगले दिन 27 जनवरी को प्रदेश के लगभग सभी जगहों पर खाप पंचायतों ने दिल्ली जाने का फैसला किया और हरियाणा से बहुत लोग दिल्ली भी पहुंचे।

कंडेला खाप ने एक बार फिर आंदोलन को ताकत देने के लिये तीन फरवरी को राकेश टिकैत को खाप के ऐतिहासिक चबूतरे पर पंचायत में बुलाया है। इसके अलावा इस पंचायत में प्रदेश की करीब 50 खापों के लोग भी पहुचेंगे। माना जा रहा है कि इस दिन आंदोलन को लेकर बड़ा फैसला भी लिया जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि कंडेला खाप प्रदेश ही नहीं बल्कि देश की सबसे चर्चित खाप रही है। वर्ष 2002 में बिजली बिलों को लेकर आंदोलन चला था और उसका केंद्र बिंदु कंडेला ही रहा था। लंबे समय तक चला यह आंदोलन काफी चर्चित रहा था। इसमें किसानों ने कई अधिकारियों को बंधक भी बना लिया था और करीब दाे माह तक जींद-चंडीगढ़ मार्ग जाम रखा था। किसानों की अनेकों बार पुलिस से झड़प हुई। बाद में इस आंदोलन में हुई गोलीबारी में नौ किसानों की मौत हो गई थी और काफी किसान घायल हो गए थे। उस समय प्रदेश में ओमप्रकाश चौटाला मुख्यमंत्री थे। श्री चौटाला 2005 तक मुख्यमंत्री रहे और वह उस समय तक कभी भी इस मार्ग से नहीं आये।

करीब 16 साल बाद 2018 में कंडेला में ओमप्रकाश चौटाला के पोते दुष्यंत चौटाला को आने दिया था। कंडेला खाप अपने कड़े फैसलों के लिए जानी जाती रही है। प्रदेश में आज तक भी जितने आंदोलन हुए उन सभी मे कंडेला खाप की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अब एक बार फिर तीन कृषि कानूनों को लेकर दिल्ली में चल रहे आंदोलन को ताकत देने के लिए कंडेला में महत्वपूर्ण पंचायत का आयोजन किया गया है।

कंडेला खाप के प्रधान टेक राम कंडेला ने बताया कि बुधवार को कंडेला में आयोजित पंचायत में किसान नेता राकेश टिकैत पहुचेंगे। इस पंचायत में प्रदेश की करीब 50 खापों के प्रतिनिधि शिरकत करेंगे। इस पंचायत में किसान आंदोलन को लेकर आगामी रणनीति पर विचार किया जाएगा।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad