आज से देश भर में रामलीला शुरू हो रही हैं। अकेले दिल्ली में लगभग 800 रामलीलाओं का आयोजन किया जा रहा है। इनमें से लाल किला के मैदान में आयोजित होने वाली लव-कुश रामलीला को दुनिया की सबसे बड़ी रामलीला बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि लव-कुश रामलीला हमेशा से नई तकनीक के प्रयोग के लिए मशहूर रही है। इसकी खासियत यह है कि इस दफा इसमें 3डी और 7 डी तकनीक का प्रयोग किया गया है। इसके अलावा इस दफा इंद्र का दरबार हवा में दिखाई देगा जो अपने आप में पहली दफा किसी रामलीला में होगा। इसी के साथ इस दफा इस रामलीला में बॉलीवुड के 60 कलाकार अलग-अलग भूमिका निभा रहे हैं। इनमें प्रमुख रजा मुराद, अली खां, हरीश, एंजल, असरानी, सुधा चंद्रण,पंकज धीर,रितु शिवपुरी,राजा चौधरी आदि प्रमुख हैं।
फिल्म संस्थान के अध्यक्ष बने रावण
फिल्म संस्थान पुणे के निदेशक और महाभारत में युधिष्ठर की भूमिका निभाने वाले गजेंद्र चौहान दिल्ली की लव-कुश रामलीला में रावण की भूमिका में नजर आएंगे। ग्रीन रूम में वह अपना मेकअप करवाते हुए ज्यादा बात तो नहीं कर पाए लेकिन इस भूमिका को लेकर वह काफी उत्साहित दिखे। ठेठ पंजाबी भाषा में वे दूसरे कलाकारों का हौसला बढ़ाते नजर आए।

Advertisement
Advertisement
Advertisement